भोजपुर में BPSC टीचर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान सौरभ गुप्ता (25) के रूप में हुई है। सौरभ उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज बाजार के रहने वाले थे। सौरभ की लाश पंखे से लटकी हुई मिली है। पिछले साल नौकरी जॉइन की थी। सौरभ की पोस्टिंग पीरो प्रखंड के तार मध्य विद्यालय में थी। कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। जिस में लिखा है, ‘बस अब मन नहीं है किसी चीज का SORRY’। दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर गई पुलिस सौरभ पीरो नगर वार्ड नंबर 11 में किराए के मकान में रहते थे। सोमवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो मकान मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर पंखे से सौरभ की लाश लटक रही थी। कमरे का सारा सामान अपनी जगह पर पड़ा था। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, तो बेड पर एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। सौरभ का मोबाइल भी पुलिस ले कर गई है। यूपी स्टेट की तैयारी कर रहा था सौरभ के साथी शिक्षक ने बताया कि, वह बहुत ही शांत स्वभाव का था। स्कूल में पढ़ाने के बाद अपनी पढ़ाई से मतलब रखता था। वो यूपी स्टेट परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। अचानक सौरभ ने ऐसा फैसला क्यों किया ये बताना मुश्किल है। नौकरी को लेकर परेशान था मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन भी आरा पहुंचे। सौरभ के चाचा नीरज कुमार गुप्ता ने बताया ‘रविवार देर शाम सौरभ ने अपनी मां-भाई से फोन पर बात की थी। उसने अपनी मां से कहा था कि वो खाना बना रहे हैं, सब ठीक है। इसके बाद सूचना मिली कि उसने सुसाइड कर लिया है। काफी अच्छा लड़का था। कोई लड़की नहीं, कोई झंझट नहीं रखता था। हां कुछ दिनों से नौकरी को लेकर थोड़ा परेशान था। कहता था कि मन नहीं लग रहा है। हमलोगों ने छुट्टी लेकर घर आने को भी कहा था।’ घर का सबसे छोटा बेटा था सौरभ परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। सौरभ कुमार गुप्ता पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। परिवार के लोगों का कहना है कि सौरभ पढ़ाई के अलावा किसी चीज से मतलब नहीं रखता था। सबके साथ मिलकर रहता था। उसने अचानक सुसाइड क्यों किया कुछ समझ नहीं आ रहा है।