जमुई में इंटर परीक्षा दूसरे दिन शांतिपूर्ण:दोनों पालियों में 14,485 परीक्षार्थी शामिल, 225 रहे अनुपस्थित, 35 केंद्रों पर परीक्षा

जमुई में इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में कुल 14,485 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस दौरान 225 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षा विभाग ने यह जानकारी दी है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार, जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर इंटर की वार्षिक परीक्षा 2 फरवरी से संचालित की जा रही है। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है: पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक। परीक्षा के दूसरे दिन, पहली पाली में विज्ञान और कला संकाय के परीक्षार्थियों के लिए गणित विषय की परीक्षा ली गई। दूसरी पाली में इंटर कला संकाय के परीक्षार्थियों ने राजनीति शास्त्र और वोकेशनल कोर्स के तहत फाउंडेशन कोर्स विषय की परीक्षा दी। आधा घंटा पहले तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति
इस वर्ष इंटर वार्षिक परीक्षा में कुल 21,935 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें 11,310 छात्र और 10,625 छात्राएं शामिल हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, दूसरे दिन भी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की सख्ती से जांच की गई। परीक्षा को कदाचार मुक्त सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया। जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंटर परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में कुल 14,710 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इनमें से 14,485 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 225 अनुपस्थित पाए गए। दूसरे दिन भी परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण तरीके से हुआ और किसी भी परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित नहीं किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *