लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सिल्क एक्सपो-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य सरकार में मंत्री राकेश सचान ने किया। इस मौके पर रेशम उद्योग से जुड़े किसान, बुनकर, उद्यमी और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। 16 लोगों को मिला पं. दीन दयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान एक्सपो के दौरान पं. दीन दयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। मंत्री राकेश सचान और नरेन्द्र कश्यप ने रेशम उद्योग में विशेष योगदान देने वाले 16 लोगों को सम्मानित किया। साथ ही रेशम मित्र–2025 पत्रिका का विमोचन भी किया गया। 27 मीट्रिक टन से 500 मीट्रिक टन तक पहुँचा उत्पादन कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में रेशम उत्पादन ने बड़ी छलांग लगाई है। पहले जहां उत्पादन मात्र 27 मीट्रिक टन था, वहीं अब यह बढ़कर 450 से 500 मीट्रिक टन तक पहुँच गया है। यह आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में रेशम उद्योग को मजबूत आधार दे रहा है। किसानों और बुनकरों को मिल रहा स्थायी रोजगार रेशम उद्योग अब सिर्फ उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों के लिए स्थायी रोजगार का जरिया बन रहा है। प्रदेश में मल्टी रीलिंग इकाइयों की स्थापना से रेशम प्रसंस्करण की व्यवस्था भी पहले से कहीं मजबूत हुई है। 32 करोड़ की मदद से 1630 लाभार्थियों को फायदा सरकार की योजनाओं के तहत 1630 लाभार्थियों को 32.49 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता दी गई है, जिससे रेशम उत्पादन में साफ तौर पर बढ़ोतरी हुई है। मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना के जरिए अगले 10 वर्षों में करीब 13,500 किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। 9 हजार एकड़ में शहतूत, 360 मीट्रिक टन अतिरिक्त उत्पादन का लक्ष्य आने वाले समय में 9,000 एकड़ क्षेत्र में शहतूत के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे 360 मीट्रिक टन अतिरिक्त रेशम उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। वहीं रेशम मित्र पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन, निगरानी और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। सिल्क एक्सपो-2026 में देशभर के रेशमी उत्पाद मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रेशम उद्योग में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। सिल्क एक्सपो-2026 में देश के अलग-अलग राज्यों से आए बुनकरों और व्यापारियों द्वारा शुद्ध रेशमी उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है। 6 फरवरी तक आम जनता के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी सिल्क एक्सपो-2026 आम जनता के लिए 06 फरवरी 2026 तक खुली रहेगी। इस दौरान लोग देशभर की रेशमी साड़ियां, कपड़े और हस्तशिल्प उत्पाद एक ही जगह देख और खरीद सकेंगे।