पीछे से टक्कर मारने पर कार क्षतिग्रस्त, थार चालक पर केस

लुधियाना| आलमगीर साहिब कट के पास हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। यह हादसा 9 दिसंबर 2025 की रात करीब एक बजे हुआ, जबकि मामले में अब थाना डेहलों पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में असवनी कुमार (32), निवासी जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ माथा टेककर लौट रहा था। जब परिवार आलमगीर साहिब की ओर जाने वाले कट के पास पहुंचा तो सड़क पर स्पीड ब्रेकर होने के कारण कार की रफ्तार धीमी करनी पड़ी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही सफेद रंग की थार (नंबर PB-02FE-3685) ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में असवनी कुमार के भाई सुनील सिंह, भाभी खुलेश्वरी चौधरी, बहन रेनू देवी, पिता प्यारा सिंह और माता चंचला देवी समेत अन्य लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को पहले नूर अस्पताल, आलमगीर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया। बाद में परिवार ने उनका इलाज पठानकोट के एक निजी अस्पताल में करवाया। टक्कर मारने वाली थार के चालक ने अपना नाम शिवम कुमार , निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) बताया था। पहले समझौते की कोशिश की , लेकिन बाद में पुलिस को शिकायत दे दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *