एक महीने में मैदान तैयार होने की उम्मीद: सरपंच सुरिंदर सिंह छिंदा ने बताया कि वे अच्छे और अनुभवी कोच नियुक्त करेंगे, ताकि गांव के युवाओं को सही मार्गदर्शन मिल सके। उनका लक्ष्य है कि गांव के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सही प्रशिक्षण के दम पर गांव के युवा स्वर्ण पदक जीतकर अपने गांव और इलाके का नाम रोशन करेंगे।उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए कैबिनेट मंत्री द्वारा विशेष ग्रांट दी गई है और उम्मीद है कि एक महीने के भीतर मैदान पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यह मैदान न सिर्फ ससराली गांव बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगा और नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश देगा। भास्कर न्यूज |लुधियाना जिले के ससराली गांव में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों की ओर जोड़ने के लिए सरपंच सुरिंदर सिंह छिंदा ने एक सराहनीय पहल की है। गांव की ग्राम पंचायत की 4 किले जमीन पर करीब 47 लाख रुपये की लागत से एक भव्य खेल मैदान तैयार किया जा रहा है, जो क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में सबसे बड़ा और आधुनिक खेल मैदान होगा। सरपंच सुरिंदर सिंह ने बताया कि इस मैदान को इस तरह से विकसित किया जा रहा है, ताकि गांव के युवा अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगा सकें और खेलों के माध्यम से गांव और जिले का नाम रोशन कर सकें। मैदान में कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसे खेलों की सुविधाएं होंगी, जहां युवा अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे। सरपंच ने बताया कि मैदान की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चारों तरफ मजबूत जाली लगाई जा चुकी है। इसके साथ ही लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग दो वॉशरूम बनाए जा रहे हैं। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कपड़े बदलने के लिए दो कमरे भी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ी आराम से अभ्यास और मुकाबलों में हिस्सा ले सकें। मैदान के चारों ओर 8 फीट ऊंचे पिलर लगाए गए हैं, जिन पर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे रात के समय भी मैच और अभ्यास संभव हो सकेगा। इतनी रोशनी होगी कि खिलाड़ी बिना किसी परेशानी के खेल सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर कामकाजी युवाओं के लिए फायदेमंद साबित होगी, जो दिन में समय नहीं निकाल पाते। इस खेल मैदान की एक खास पहचान यहां लगाए जा रहे रंग-बिरंगे फव्वारे भी होंगे, जो न सिर्फ मैदान की सुंदरता बढ़ाएंगे बल्कि इसे गांव का आकर्षण केंद्र भी बनाएंगे। इसके अलावा मैदान में विदेशी घास लगाई जा रही है, जो देखने में बेहद आकर्षक होगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदानों जैसा अनुभव देगी।