5.5 फीट की महिला-ढाई फीट के सूटकेस में कैसे समाई:कमर से बॉडी को तोड़कर दो पार्ट में किया; घुटने, सीने से सटाकर टेप से चिपकाया

‘मेरा एक महिला से अफेयर चल रहा था। इसको लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे। मैं पत्नी को समझाता था कि उसे कोई दिक्कत नहीं होने देंगे, लेकिन इसके बावजूद उसने मेरा जीना मुश्किल कर दिया था। इसके बाद मैंने उसकी हत्या की प्लानिंग की और घर में ही गला घोंटकर उसे मार डाला। फिर शव को सूटकेस में पैक कर ई-रिक्शा से करीब एक किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया।’ यह कबूलनामा है मेहरून खातून (25) के पति क्यामुद्दीन शेख मंसूरी का। पुलिस ने क्यामुद्दीन को मेहरून की हत्या में मुख्य आरोपी बनाया है। मेहरून की मां ने पुलिस में अपने दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाया था। मंगलवार की शाम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो उसने पत्नी की हत्या करने का जुर्म कबूल करते हुए लाश को ठिकाने लगाने तक की पूरी कहानी बयां की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले 3 तस्वीरों में देखिए महिला के शव को कैसे पैक किया गया था… अब जानिए क्या है मामला रोहतास में रविवार की सुबह एक महिला की हत्या का मामला सामने आया। हत्या के बाद महिला की लाश को एक लाल रंग के ट्रॉली बैग में पैक कर कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया था। सुबह करीब 10 बजे सफाई कर्मचारी रामपुर चौराहा के पास कचरा उठाने पहुंचे तो उनकी नजर वहां फेंके गए ट्रॉली बैग पर पड़ी, जो बंद थी। बैग से दुर्गंध आने पर उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। कुछ ही मिनटों में मौके पर भीड़ जुट गई। इसके बाद लोगों ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। करीब साढ़े 10 बजे पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बैग को खोला गया। बैग के खुलते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। अंदर 25 से 30 साल की एक महिला की लाश पड़ी थी। जिसे प्लास्टिक के बोरे में पैक किया गया था। महिला के शरीर पर पूरे कपड़े नहीं थे। शव मिलने के करीब 5 घंटे बाद पुलिस ने महिला की पहचान की मेहरून खातून (25) के रूप में हुई। महिला के मायके यूपी के चंदौली में है और उसका ससुराल रोहतास के हेहरी। पुलिस ने मायके वालों को घटना की सूचना दी। महिला की मां ने दामाद के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज कराई। मृतक महिला की मां ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप मृतक महिला की मां फातिमा ने बताया, ‘मेरे दामाद का उसकी मामी की बहन से अफेयर चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में हर दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। शुक्रवार को उसने मेरी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी के करीब तीन घंटे बाद दामाद का फोन आया कि आपकी बेटी घर से भाग गई है। हमें लगा कि वह नाराज होकर मायके की ओर निकल गई होगी, लेकिन आज पता चला कि मेरी बेटी का शव एक सूटकेस में बंद कूड़े के ढेर में मिला है। दामाद ने ही उसकी हत्या कर शव को बैग में पैक कर फेंक दिया है।’ अब जानिए आरोपी ने पुलिस को पूरी कहानी क्या बताई पुलिस की पूछताछ में क्यामुद्दीन शेख मंसूरी ने बताया, ‘मेरा निकाह यूपी के चंदौली की रहने वाली मेहरून से हुआ था। तीन साल पहले हुई शादी के बाद शुरू में सब ठीक ठाक चल रहा था। मैं अपनी नानी के यहां रहता था, तो यहां मेरी एक मामी की बहन से मेरा अफेयर था। शुरु में मेहरून को इस बात की जानकारी नहीं थी। जब उसे हमारे प्यार के बारे में पता चला तो वो आए दिन मुझसे झगड़ा करने लगी। मैं उसे समझाता था कि हम लोग दो या तीन शादी कर सकते हैं, इसमें क्या है। लेकिन वो इस बात को मानने को तैयार ही नहीं होती थी। मैं उससे ये भी कहता था कि उसे किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दूंगा। उसे पहली पत्नी की तरह पूरा प्यार दूंगा, लेकिन वो इस बात पर झगड़ती थी कि अपनी सौतन नहीं लाने दूंगी। यहीं से बस झगड़ा बढ़ने लगा, दो तीन महीने से मैं उसे ठिकाने लगाने की सोच रहा था। उस दिन मैंने उसे मार दिया और उसके घर फोन कर दिया कि मेहरून कहीं चली गई है। इसके बाद मैंने उसे ठिकाने लगाने की सोची। इसके बाद मैंने एक सूटकेस का इंतजाम किया। मेरी पत्नी की हाइट करीब 5.5 फीट थी, इसलिए शव को बैग में पैक करना मुश्किल हो रहा था। पहले शव को कमर के पास से फोल्ड किया, इसके बाद दोनों पैरों को मोड़कर सीने से सटाया और सिर को अंदर की ओर झुकाकर प्लास्टिक से बांधा। इसके बाद शव को एक बोरे में पैक किया, फिर ट्रॉली बैग में रखकर एडजस्ट किया और घर से करीब एक किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया।’ गाड़ी चेकिंग के दौरान पकड़ा गया हत्यारा पति हत्या करने के बाद आरोपी क्यामुद्दीन शेख मंसूरी इधर-उधर भाग रहा था। मंगलवार की शाम कार से भभुआ से सोनहन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सोनहन थाने की पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। जैसे ही आरोपी की नजर पुलिस पर पड़ी, वह गाड़ी से उतरकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछाकर पकड़ा और हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने हत्या करने की बात कबूल की। आरोपी ने पुलिस को पूरा बयान दर्ज कराया है। हालांकि उसने हत्या कैसे इस बात की जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मिलेगी। फिलहाल उसका कहना है कि सिर पर भारी चीज से वार कर पत्नी को मार दिया है। संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर की पूछताछ भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया, वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। जब उससे कड़ाई से पूछताछ हुई तो उसने स्वीकार किया कि वह पत्नी की हत्या करने के बाद से फरार है। उसने पूरा घटनाक्रम कबूल किया है, उसने यह भी बताया कि कैसे उसने महिला को सूटकेस में पैक कर दिया। डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की जानकारी रोहतास पुलिस को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *