मथुरा में ई-रिक्शा से घूमे CM नीतीश कुमार के बेटे:न कोई बॉडीगार्ड, न काफिला… हवाई चप्पल में गलियों में घूमे

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार मथुरा और वृंदावन की यात्रा पर हैं। मंगलवार को वे अपने परिवार के साथ वृंदावन में ई-रिक्शा से घूमे। गलियों में पैदल टहले। सबसे पहले निशांत कुमार ई-रिक्शा से यमुना घाट पर गए। उन्होंने हाथ जोड़कर मां यमुना को प्रणाम किया। इसके बाद बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उनकी सादगी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। निशांत कुमार के साथ 4-5 लोग थे। उन्होंने ई-रिक्शा में प्रति सवारी मात्र 10 रुपए किराया देकर सफर किया। उनके साथ न तो कोई बॉडीगार्ड था और न ही किसी तरह का वीआईपी प्रोटोकॉल देखने को मिला। निशांत कुमार कि यात्रा पूरी तरह से निजी और आध्यात्मिक थी। कुर्ता-पैजामा और हवाई चप्पल पहने निशांत कुमार ‘राधे-राधे’ जपते हुए वृंदावन की गलियों में घूमते नजर आए। देखिए 3 तस्वीरें… इस्कॉन मंदिर गए, बांके बिहार के दर्शन किए
निशांत कुमार बुधवार दोपहर अपने रिश्तेदारों के साथ वृंदावन की गलियों में घूमते नजर आए। उन्होंने वृंदावन प्रवास के दौरान इस्कॉन मंदिर, बांके बिहारी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। निशांत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंजू सिन्हा के इकलौते बेटे हैं। उनकी मां मंजू सिन्हा एक समय स्कूल शिक्षिका थीं, जिनका निधन साल 2007 में हो गया था। निशांत कुमार की प्रारंभिक शिक्षा पटना के सेंट कैरेंस स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने मसूरी स्थित मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल से आगे की पढ़ाई पूरी की। निशांत कुमार ने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा, रांची से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और वे पेशे से इंजीनियर हैं। राजनीति से दूर रहकर वे अधिकतर समय निजी और आध्यात्मिक गतिविधियों में बिताना पसंद करते हैं। उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। होली बाद राजनीति में आ सकते हैं निशांत, CM छोड़ सकते हैं अध्यक्ष पद होली बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। अंदरखाने जनता दल यूनाइटेड (JDU) में इसकी तैयारी शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, मार्च में JDU के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। फिलहाल नीतीश कुमार पार्टी की कमान संभाल रहे हैं। चर्चा है कि वह निशांत कुमार की एंट्री के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ सकते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद JDU को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी शुरू हो गई है। संगठन विस्तार के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। लक्ष्य एक करोड़ नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का है। इसके बाद पंचायत से राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी के अहम पदों के लिए चुनाव होगा। पार्टी इस बार पंचायत चुनाव में भी हाथ आजमाएगी। निशांत को सीधे सत्ता में लाने की बजाए पहले संगठन में लाने की तैयारी की जा रही है। पिता 10वीं बार सीएम बने तो निशांत ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया था
नीतीश कुमार ने 20 नवंबर, 2025 को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। इससे पहले गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार 1, अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पहुंचे, जहां बेटे निशांत से मुलाकात हुई। यहां से दोनों की इमोशनल तस्वीर सामने आई थी। निशांत पिता नीतीश कुमार का पैर छूते हैं, जबकि नीतीश कुमार उन्हें गले लगा रहे हैं। ————— ये भी पढ़ें- गाजियाबाद-मोबाइल गेम की लत, 3 बहनें 9वीं मंजिल से कूदीं:उम्र 12-14-16 साल; सुसाइड नोट में लिखा- सॉरी मम्मी-पापा, गेम नहीं छोड़ पाएंगे
गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने नौवीं मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात 2 बजे तीनों ने कमरे को अंदर से बंद किया, फिर स्टूल रखकर एक-एक करके बालकनी से छलांग लगा दी। उनकी उम्र करीब 12, 14 और 16 साल है। पिता के मुताबिक, तीनों बेटियों को टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की लत थी। वे हर वक्त एक साथ रहती थीं। एक साथ नहाती थीं और टॉयलेट जाती थीं। इस कदर गेम की लत थी कि स्कूल भी छोड़ दिया था। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *