बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को रुदौली पंचायत के किसानों ने सरकारी दर पर धान खरीद न होने के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारंभ कर दिया। यह हड़ताल बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था और देखरेख के देर रात तक जारी है। किसानों ने मांगें पूरी न होने पर गुरुवार को धान जलाने की चेतावनी दी है। हड़ताल पर बैठे किसानों में शिलवंत कुमार, अजीत कुमार चौधरी, श्याम दर्शन कुमार, शुभम कुमार और रामानंद साहनी शामिल हैं। सरकारी खरीद न होने से औने-पौने दामों पर फसल बेचने को मजबूर किसान शीलवंत कुमार ने बताया कि धान की फसल तैयार हुए काफी समय हो गया है, लेकिन स्थानीय पैक्स द्वारा अब तक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। इसके कारण किसान बिचौलियों को औने-पौने दामों पर अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आला अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया है और न ही हड़ताल स्थल पर कोई डॉक्टर या सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। किसान अजीत कुमार चौधरी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत से फसल उगाई है, लेकिन अब जब उसे बेचने का समय आया है, तो सरकारी तंत्र निष्क्रिय है। उन्होंने बताया कि किसान कर्ज में डूबे हैं और घर की जरूरतों के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी फसल नहीं खरीदती है, तो उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचेगा। प्रशासन से तत्काल सरकारी दर पर धान की खरीद सुनिश्चित करने की मांग किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि रुदौली पंचायत के सभी किसानों के धान की सरकारी दर पर तत्काल खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में आ रही तकनीकी बाधाओं और बिचौलियों के हस्तक्षेप को तुरंत समाप्त करने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त, किसानों ने धान बेचने के बाद भुगतान की समय सीमा तय करने की अपील की है, ताकि वे खाद-बीज के पुराने कर्ज चुका सकें। अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे किसानों से बीसीओ गौरांग कृष्णा ने लगभग दो घंटे तक बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, किसान अपनी मांगों पर अडिग रहे और उन्होंने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया। किसानों ने स्पष्ट कहा, जब तक प्रशासन उनकी उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने की ठोस व्यवस्था नहीं करेगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और कल गुरुवार को धान जलाकर विरोध दर्ज किया जाएगा। पंचायत समिति सदस्य मिथिलेश कुमार उर्फ ओमप्रकाश ने किसानों से मिलकर अपना समर्थन दिया और कहा किसानों के हक के लिए लड़ेंगे। मौके पर शेखर चौधरी, अवध किशोर चौधरी, रामनारायण चौधरी, रामनाथ ईश्वर, अशोक ईश्वर सहित दर्जनों किसान समर्थन में थे।