पटना जिले के मोकामा क्षेत्र में नशा तस्करी खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पचमहला थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गांजा तस्करी के खेल का भंडाफोड़ किया है और एक तस्कर को भारी मात्रा में गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से चल रही है। इसी सूचना के आधार पर पचमहला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 1 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद किया और मौके से ही तस्करी में संलिप्त आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अरविंद सिंह (56 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय गणेश्वर सिंह का पुत्र है और जलालपुर गांव (वार्ड संख्या 04) का निवासी है। पचमहला थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अपने घर के भीतर गांजा छिपाकर रखता था और वहीं से इसे स्थानीय स्तर पर बेचता था। वह काफी समय से पुलिस की रडार पर था। थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में कहा कि इस नेटवर्क के पीछे जो भी ‘मास्टरमाइंड’ है, उसकी पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें उसे दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि मुख्य सरगना भी बहुत जल्द सलाखों के पीछे होगा। मोकामा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान अब और तेज हो गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि रिहायशी इलाकों में इस तरह के कारोबार से युवा पीढ़ी पर बुरा असर पड़ रहा था। पचमहला पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य कड़ियों को भी जोड़ा जा सके।