लुधियाना में एक विवाहिता ब्यूटी पार्लर से लापता हो गई। थाना दरेसी की पुलिस ने विवाहिता के पति की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पत्नी को ब्यूटी पार्लर में मेकअप करवाने के लिए पति लेकर आया था। उसे छोड़कर जब वह 2 घंटे बाद वापस लेने गया तो पत्नी वहां नहीं थी। रहस्यमय ढंग से पत्नी के लापता होने की जानकारी पति ने परिजन को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो ब्यूटी पार्लर के CCTV में विवाहिता दिखी है। अब आसपास के CCTV खंगाल कर पुलिस विवाहित को खोज रही है। उसकी 4 महीने पहले ही शादी हुई थी। (पढ़ें पूरी खबर) फरीदकोट में पत्नी से परेशान युवक ने फांसी लगाई फरीदकोट के गांव कोटसुखिया में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जगमीत सिंह (29) के रूप में हुई। इस मामले में थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने मृतक की मां मनप्रीत कौर के बयान पर उसकी पत्नी और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में मां मनप्रीत कौर ने बताया कि उसके बेटे जगमीत सिंह की शादी करीब 10 साल पहले अमनदीप कौर के साथ हुई थी और उनका 8 साल का एक बेटा भी है। आरोप है कि उसकी बहू अक्सर उसके बेटे को परेशान करती रहती थी और अपनी मां के उकसावे पर जगमीत सिंह पर जमीन अपने नाम करवाने का दबाव बनाती थी। (पढ़ें पूरी खबर) पुलिस की 689 ठिकानों पर छापेमारी, 232 लोग गिरफ्तार पंजाब में ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 16वें दिन पुलिस ने 689 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 232 लोगों को गिरफ्तार किया गया और दो तेजधार हथियार बरामद हुए। 153 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई, जबकि 352 को पूछताछ के बाद रिहा किया गया। अब तक कुल 4,628 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। वहीं ‘युद्ध नशा के विरुद्ध’ के 340वें दिन 135 नशा तस्कर 8.1 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने कहा कि लोग गुप्त रूप से वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर-93946-93946 के माध्यम से रिपोर्ट कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना/जानकारी साझा कर सकते हैं। फरीदकोट में पेट्रोल पंप कर्मी ने लगाई फांसी फरीदकोट के बाजाखाना में बठिंडा रोड हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय जतिंदर कुमार निवासी दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही थाना बाजाखाना के एएसआई राजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद युवक को फंदे से उतारकर कोटकपूरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर) जालंधर में रिश्वत लेते वक्फ बोर्ड का रेंट कलेक्टर समेत 2 गिरफ्तार जालंधर में विजिलेंस ब्यूरो ने गढ़शंकर स्थित पंजाब वक्फ बोर्ड के रेंट कलेक्टर मोहम्मद यासीन और एक संविदा चपरासी मोहम्मद तालीम को 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बलाचौर निवासी एक किसान की शिकायत पर की गई, जिससे जमीन की लीज रिन्यूअल के बदले पैसों की मांग की जा रही थी। यह पूरा मामला शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) के बलाचौर निवासी एक किसान की शिकायत से जुड़ा है। किसान ने बताया कि उसने 2018 से 2021 तक तहसील बलाचौर के गांव भड्ढी में वक्फ बोर्ड की 10 कनाल जमीन लीज पर ली थी। (पढ़ें पूरी खबर) मोहाली SSP दफ्तर के बाहर मर्डर केस, 2 आरोपी गिरफ्तार मोहाली में SSP दफ्तर के बाहर हुए मर्डर के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की बाइक व कार बरामद कर ली है। यह जानकारी मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने दी। उन्होंने बताया कि इस हत्या के पीछे गोल्डी बराड़ा था। जांच दौरान बलतेज सिंह उर्फ बंटी निवासी फरीदकोट को जब अरेस्ट किया गया। उसने बताया कि यूपी नंबर की होंडा इमेज कार का वह ड्राइवर था। जिसमें आरोपी भागे थे। उसकी निशानदेही पर कार को रिकवर कर लिया गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि मंगत सिंह उर्फ मैक्स निवासी जलालाबाद जिला फाजिल्का ने दोषियों को लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की। साथ ही वारदात में प्रयोग किए दोनों वाहन कार व बजाज पल्सर उसने ही मुहैया करवाया था। तरनतारन में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी हेरोइन तरनतारन जिले में सीमापार नशा तस्करी को पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बेनकाब कर दिया। गांव कालियां के खेतों से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई 3 किलो 925 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर बीएसएफ के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान खेतों में एक संदिग्ध ड्रोन गिरा हुआ मिला, जिसके साथ प्लास्टिक में लिपटी भारी मात्रा में हेरोइन बंधी हुई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत में भेजी गई थी। (पढ़ें पूरी खबर) बिक्रम मजीठिया से मिले सुखबीर बादल 7 महीने बाद जेल से बाहर आए पंजाब के पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से मिलने पार्टी प्रधान सुखबीर बादल पहुंचे। मंगलवार को नाभा जेल से छूटने के बाद मजीठिया चंडीगढ़ स्थित अपने घर पहुंचे। यहां उनका स्वागत हुआ। उन पर फूलों की बारिश की गई। पार्टी के सारे सीनियर नेता वहां पर मौजूद थे। इससे पहले जेल से बाहर आने के बाद समर्थकों को संबोधित करने के बाद मजीठिया पटियाला में गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेका। संबोधन के दौरान उन्होंने पंजाब CM भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मजीठिया ने कहा कि सरकार चाहती थी कि मैं मरा बाहर आऊं। मैं भगवंत मान को संदेश देता हूं कि मैंने तो तरी वाले बैंगन खाकर गुजारा कर लिया। तेरा क्या होगा सांबा? विजिलेंस ने अकाली नेता को जून 2025 में आय से अधिक संपत्ति के केस में गिरफ्तार किया था। वह पहले जमानत के लिए हाईकोर्ट में पहुंचे थे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में पहुंचे। 2 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। इसी दिन डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने जेल में मजीठिया से मुलाकात की थी। इस मुलाकात पर CM भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर तंज कसा। मान ने लिखा- कल बन जाए, भले आज बन जाएं, अदालतों का भगवान ही रखवाला, जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं। जालंधर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, एक को लगी गोली जालंधर के नकोदर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी गिरने से घायल हो गया। उसकी टांग टूट गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों आरोपी शहर के एक प्रमुख व्यवसायी को दोबारा निशाना बनाने की फिराक में थे। दोनों गोल्डी बराड़ गैंग के शूटर हैं। पढ़ें पूरी खबर … मोहाली में साले की शादी से पहले जीजा ने की आत्महत्या डेराबस्सी के खेड़ी गुजरां गांव में मंगलवार तड़के 27 वर्षीय युवक कुलदीप सिंह ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आज मृतक के साले की शादी होनी थी। कुलदीप सिंह डेराबस्सी स्थित पीसीसीपीएल फैक्ट्री में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, बचपन में ही उसके पिता का निधन हो गया था। लगभग छह माह पहले उसकी मां की भी मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से वह गहरे सदमे में था। पढ़ें पूरी खबर … गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर आज से शुरू होंगे समागम
गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आज से श्री खुरालगढ़ साहिब में शुरू होंगे। आज से श्री अखंड पाठ साहिब की भी शुरुआत की जाएगी। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, लालचंद कटारूचक्क, तरुणप्रीत सिंह सौंद सहित आम आदमी पार्टी के कई नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे।