अबोहर में दो महिलाओं ने बात करने के बहाने व्यक्ति को अपने घर में बुलाकर उसकी हत्या करवा दी। व्यक्ति अपने दोस्त को छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान घर में पहले से मौजूद आरोपी युवकों ने तेजधार हथियार से इस घटना को अंजाम दिया। व्यक्ति और उसके दोस्त की चीख-पुकार सुनकर मौके पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग गए। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। साथ ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान भागसर गांव के रहने वाले प्रह्लाद (35) के रूप में हुई है। वह एक बेटे का पिता था। जबकि, जग्गा सिंह को इस हमले में गंभीर चोटें आईं। उसे अबोहर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार यह हमला पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ। मृतक के भाई ने यह शिकायत दी… परिजनों ने की न्याय की गुहार मृतक के भाई और रिश्तेदार संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों ने प्रह्लाद की हत्या कर उसके बेटे के सिर से पिता का साया छीन लिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी बोले- 6 के खिलाफ केस दर्ज किया इस बारे में थाना बहाववाला के प्रभारी दविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो महिलाओं सहित 6 के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें जसपाल उर्फ मोनू, सुनील उर्फ सोनू, राजेश उर्फ राजू तथा रमेश सहित भागवंती और कौशल्या शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।