भास्कर न्यूज | पठानकोट सुंदरनगर स्थित चंद्रशेखर आजाद पार्क में देशभक्ति के जज्बे से सराबोर सम्मान समारोह का आयोजन सीनियर डिप्टी मेयर विक्रम महाजन की अध्यक्षता में किया गया। इसमें आजाद हिंद फौज के अदम्य साहसी सिपाही रहे स्व. अंग्रेज सिंह के परिवार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सीनियर डिप्टी मेयर विक्रम महाजन ने कहा कि यह पठानकोट के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि हमारी मिट्टी में अंग्रेज सिंह जैसे वीर सपूतों ने जन्म लिया। उन्होंने मातृभूमि को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना आजाद हिंद फौज में शामिल होकर अंग्रेजी हुकूमत से लोहा लिया। आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह इन्हीं महान क्रांतिकारियों के त्याग और तपस्या का परिणाम है, जिसे इतिहास के पन्नों से कभी मिटाया नहीं जा सकता। विक्रम महाजन ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी से यही आह्वान है कि वे अपने इतिहास और पूर्वजों के बलिदानों को कभी न भूले। देशभक्ति केवल सीमाओं पर लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंदर रहकर अनुशासन और सेवा भाव के साथ कार्य करना भी सच्ची देशभक्ति है। इस दौरान प्रथम पठानिया के पिता कमल सिंह पठानिया, माता तृप्ता, नानी बेन्ती देवी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जसबीर सिंह, दिनेश महाजन, कर्णप्रीत, लाली, साहिल चौधरी, कन्नू, सोनू प्रधान भी थे।