जालंधर वेस्ट में घर में चल रहे नशे के कारोबार:मोहल्ले वालों का फूटा गुस्सा, घर घेरकर संदिग्ध युवक पकड़े और पुलिस कार्रवाई की मांग।

जालंधर वेस्ट में घर में चल रहे नशे के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों से मोहल्ला निवासी बेहद परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस घर में दिन-रात नशेड़ियों और अनजान युवक-युवतियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे पूरे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। आज गुस्साए मोहल्ला निवासियों ने उस घर को घेर लिया और अंदर मौजूद युवकों को रंगे हाथों पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
बाबू लाभ सिंह नगर के निवासियों का कहना है कि एक विशेष घर पिछले काफी समय से नशे का अड्डा बना हुआ है। मोहल्ले वालों के अनुसार, यहां न केवल शराब और चट्टा का सेवन किया जाता है, बल्कि संदिग्ध रूप से युवक और युवतियों का आना-जाना लगा रहता है। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि रात के समय यहां शोर-शराबा और गाली-गलौज आम बात हो गई है, जिससे बच्चों और बहू-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
परिजनों ने भी खड़े किए हाथ
हैरानी की बात यह है कि घर के मालिक और आरोपी युवकों के परिजन भी उनकी इन हरकतों से तंग आ चुके हैं। बातचीत के दौरान पता चला कि आरोपी युवक का अपना भाई भी उससे परेशान है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार इन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन हालात सुधरने के बजाय बिगड़ते चले गए। अब परिवार ने भी कह दिया है कि प्रशासन इन पर जो चाहे कार्रवाई करे।
मौके पर मचा भारी हंगामा
जब मोहल्ले के लोगों का सब्र टूट गया, तो उन्होंने एकजुट होकर घर को बाहर से कुंडी लगा दी। बताया जा रहा है कि उस समय घर के अंदर 5 से 6 युवक मौजूद थे, जो नशे की हालत में थे। सूचना मिलने पर जब लोग इकट्ठा हुए, तो अंदर मौजूद युवकों ने बाहर निकलने की कोशिश की और धक्का-मुक्की भी हुई। लोगों ने बताया कि नशे की हालत में ये युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की गुहार
मोहल्ला निवासियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार रोकने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी मारपीट और धमकियों पर उतारू हो जाते हैं। इलाके की महिलाओं ने भावुक होते हुए कहा कि हमारे छोटे बच्चों पर इसका गलत असर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस घर में चल रही अवैध गतिविधियों को तुरंत बंद कराया जाए और दोषियों को जेल भेजा जाए ताकि मोहल्ले में शांति बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *