हिसार में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला:जेई को थप्पड़ मारा, सरकारी डायरी फाड़ी; 50 लोगों की भीड़ ने घेरा

हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव सुरेवाला में बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर गए अधिकारियों को ग्रामीणों ने कथित रूप से घेर लिया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि एक युवक ने अधिकारी को थप्पड़ मारा, जबकि दूसरे ने सरकारी डायरी के पन्ने फाड़ दिए। मौके पर 40-50 लोगों की भीड़ जुटने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना 10 फरवरी की शाम करीब 8:50 बजे की बताई जा रही है। बिजली निगम के जेई की शिकायत के आधार पर उकलाना थाना पुलिस ने 3 नामजद आरोपियों बिंदर उर्फ दुधिया, रमेश उर्फ पप्पू और सुनील उर्फ कोकी सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 121(1), 132, 221, 351(3) व 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच एसआई नवीन मलिक को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। जानिए पुलिस को दी शिकायत में क्या कहा… बिजली चोरी जांचने गए थे : जेई विक्रम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सरकारी ड्यूटी का निर्वहन करते हुए गांव सुरेवाला में बिजली चोरी के मामलों की जांच के लिए गए थे। जांच के दौरान गांव सुरेवाला के कुछ व्यक्तियों ने अभद्र व्यवहार किया, अधिकारियों को गलत तरीके से रोका तथा उन्हें सरकारी कार्य करने से बाधित किया और भय का वातावरण उत्पन्न कर दिया। एक अधिकारी को थप्पड़ मारा : इसी दौरान बिंदर दुधिया ने एक अधिकारी को थप्पड़ मारकर हमला किया। रमेश उर्फ पप्पू ने सरकारी डायरी के पन्ने फाड़ दिए और सुनील उर्फ कोकी ने भी अभद्र व्यवहार किया।इसी दौरान मौके पर लगभग 40-50 अन्य व्यक्ति मौजूद थे, जिसके कारण सरकारी कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न हुई और सरकारी कर्मचारियों के जीवन को खतरा पैदा हो गया। कानूनी कार्रवाई की जाए : जेई ने कहा कि नामजद व्यक्तियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विधि अनुसार एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सरकारी अधिकारियों की ड्यूटी के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *