करनाल एक्सीडेंट में 5 बच्चों के पिता की मौत:जीजा को देखने जा रहे थे अस्पताल; डंपर ने ठोका, पत्नी की हालत गंभीर

करनाल जिले के जुण्डला क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान गांव बांसा निवासी रणजीत सिंह के रूप में हुई है। रविवार देर शाम वह अपनी पत्नी मीना देवी के साथ बाइक पर सवार होकर करनाल स्थित अमृत धारा अस्पताल में भर्ती अपने जीजा सुनील कुमार का हालचाल पूछने जा रहे थे। रास्ते में जुण्डला क्षेत्र में हादसा हो गया।
दो अलग-अलग बाइकों पर चल रहे थे परिजन मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि वे खुद अपनी अलग मोटरसाइकिल पर पीछे-पीछे चल रहे थे, जबकि रणजीत सिंह अपनी पत्नी मीना देवी के साथ आगे थे। सभी सामान्य गति से अपनी साइड में चलते हुए करनाल की ओर जा रहे थे। पेट्रोल पंप के सामने अचानक मोड़ा डंपर महेंद्र सिंह के अनुसार, जब रणजीत सिंह इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप रकवा जुण्डला के सामने पहुंचे, तभी करनाल की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर बिना किसी संकेत के अचानक दाहिनी ओर मुड़ गया। डंपर ने रणजीत सिंह की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया टक्कर लगते ही रणजीत सिंह और उनकी पत्नी सड़क पर गिर पड़े। रणजीत सिंह को सिर, मुंह और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि मीना देवी की टांग, सीने और कमर में गहरी चोटें लगीं। हादसे के बाद घर में पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। डंपर ड्राइवर मौके से फरार हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। महेंद्र सिंह ने बताया कि वे चालक को सामने आने पर पहचान सकते हैं। हादसे में रणजीत सिंह की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल में मृत घोषित, पत्नी रेफर राहगीरों की मदद से महेंद्र सिंह ने भाई और भाभी को निजी वाहन से कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रणजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि मीना देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी जुण्डला के एसआई चरण सिंह टीम सहित अस्पताल पहुंचे। मृतक के भाई महेंद्र सिंह के बयान पर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *