पीरनगरा में संतमत सत्संग का 41वां अधिवेशन शुरू:महर्षि हरिनंदन परमहंस सहित कई संत हुए शामिल

खगड़िया जिला संतमत सत्संग का 41वां दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन बेलदौर प्रखंड के पीरनगरा गांव में शुरू हो गया है। पीरनगरा संतमत सत्संग समिति द्वारा आदर्श विद्यालय पीरनगरा के खेल मैदान में आयोजित यह अधिवेशन बुधवार दोपहर से प्रारंभ हुआ, जो गुरुवार देर शाम तक चलेगा। इस अधिवेशन में महर्षि मेंहीं आश्रम कुप्पाघाट से संतमत के वर्तमान आचार्य महर्षि हरिनंदन परमहंस जी महाराज, पूज्यपाद स्वामी गुरु सेवी भागीरथ जी महाराज, पूज्यपाद चरण सेवी स्वामी प्रमोद जी महाराज, पूज्यपाद स्वामी अरविंद जी महाराज, डॉक्टर स्वामी निर्मलानंद महाराज, अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता स्वामी सत्य प्रकाश जी महाराज, स्वामी नरेशानंद जी महाराज और स्वामी परमानंद जी सहित कई अन्य संत पहुंचे हैं। सत्संग अनुयायियों को संबोधित करते हुए आचार्य महर्षि हरिनंदन परमहंस जी महाराज ने ‘आत्मा क्या है’ विषय पर विस्तार से प्रवचन दिया। उन्होंने बताया कि आध्यात्मिक विचारों के अनुसार, आत्मा शाश्वत, अजर, अमर और स्वयं प्रकाशित चैतन्य सत्ता है, जो शरीर के भीतर निवास करती है। आत्मा शरीर नहीं, बल्कि शरीर में निवास करने वाला चैतन्य स्वरूप है। यह जन्म-मरण के चक्र से मुक्त, नित्य और पवित्र है। आचार्य ने कहा कि अपने वास्तविक स्वरूप को न पहचानना ही दुखों का कारण है। गुरु सेवा के माध्यम से आत्मा की अनुभूति संभव है, जो शिष्य को बाहरी और आंतरिक ज्ञान के माध्यम से आत्मा के निज स्वरूप का बोध कराते हैं। जीवन में साधना द्वारा आत्म-साक्षात्कार करके परम कल्याण व मोक्ष प्राप्त करना ही मुख्य लक्ष्य है। प्रवचन सुनकर सत्संगी मंत्रमुग्ध हो गए। इस अवसर पर बेलदौर विधायक प्रतिनिधि नूतन सिंह पटेल, मुखिया संघ के खगड़िया जिला अध्यक्ष अनिल सिंह, बेलदौर सरपंच संघ अध्यक्ष कुलदीप सिंह, जदयू नेता उदय मंडल, पीरनगरा पंचायत की मुखिया मंजू देवी, सरपंच गजेंद्र राम, पंचायत समिति सदस्य निभा कुमारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार यादव और शिक्षक नेता ब्रजेश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *