एनटीपीसी नवीनगर की स्टेज-II विस्तार परियोजना के तहत बुधवार को यूनिट-4 बॉयलर के पहले कॉलम की स्थापना की गई। क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-I) श्री विजय गोयल ने इसका उद्घाटन किया। परियोजना के पीआरओ अतुल कुमार ने बुधवार शाम करीब 5 बजे एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। कॉलम स्थापना के बाद श्री गोयल ने परियोजना प्रमुख श्री एल.के. बेहरा के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण विभाग और एलएंडटी के अधिकारियों के साथ कार्य प्रगति की समीक्षा भी की। श्री गोयल ने सभी विभागों के समर्पण की सराहना करते हुए परियोजना को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। यह परियोजना लगभग 29,900 करोड़ रुपये की लागत से बन रही है। इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 मई 2025 को वर्चुअल माध्यम से किया था। वर्तमान में संयंत्र की स्थापित क्षमता 1,980 मेगावाट है। स्टेज-II के तहत 800 मेगावाट की तीन नई अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल इकाइयों का निर्माण कार्य जारी है। इस अवसर पर राकेश शर्मा, अनिल टीसी, एम. पाणिग्रही सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।