रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े एक वकील की हत्या कर दी गई। वकील की एक बाबू से कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गोलियां चलीं। वकील के भतीजे का आरोप है कि बाबू ने गोली मारकर हत्या की है। बाद में अपने बचाव के लिए खुद को घायल कर लिया। मृतक अधिवक्ता का नाम फारुख था, जबकि आरोप जिला पंचायत के बाबू असगर अली पर है। वारदात बुधवार करीब डेढ़ बजे की है। हत्याकांड के बाद वकील के घरवालों ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में जमकर हंगामा किया। खिड़की के शीशे तोड़ दिए। एसपी विद्यासागर मिश्र और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के साथ डीएम अजय कुमार द्विवेदी भी जिला अस्पताल पहुंचे। आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। मौके के तीन विजुअल देखिए… पत्नी से बाबू की हुई थी हॉट टॉक बताया जाता है कि नगर कोतवाली नालापार निवासी वकील फारुख (45) की पत्नी गौसिया जिला पंचायत कार्यालय में क्लर्क हैं। यहीं पर थाना पटवई क्षेत्र के मिलक तहव्वर गांव का रहने वाला असगर अली भी बाबू है। आज दोपहर करीब एक बजे गौसिया और बाबू असगर अली के बीच कुछ हॉट टॉक हुई थी। इसी बात को लेकर गौसिया ने अपने पति फारुख को कॉल करके बुला लिया। फारुख सीधे असगर अली के पास उसके केबिन में गए। वहां दोनों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। भतीजा बोला- चाचा को अगसर ने मारी गोली
वकील के भतीजे कामरान खान ने बताया- जिला पंचायत कार्यालय में चाची ने चाचा को बुलाया। इसी दौरान बाबू असगर अली की उनसे नोकझोंक हो गई। बाबू असगर ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर चाचा की हत्या कर दी। बाद में खुद को फंसता देख अपने ऊपर भी फायरिंग कर ली। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 30 साल से प्रैक्टिस कर रहे थे फारुख फारुख जिला कचहरी में करीब 30 साल से प्रैक्टिस कर रहे थे। परिवार में पांच भाई हैं। सभी कारोबारी हैं। फारुख और गौसिया के दो बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी। दोनों बच्चे शहर के एक स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। वकील पत्नी के सिर पर मारी रिवॉल्वर फारुख हत्याकांड में हत्यारोपी असगर अली का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह फारुख की हत्या करने के बाद उनकी पत्नी के सिर पर रिवॉल्वर मारता दिख रहा है। यह घटना जिला पंचायत परिसर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। मामले में पुलिस ने अपर मुख्य अधिकारी नीरज रस्तोगी और असगर अली के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की घायल पत्नी ने एफआईआर में असगर अली पर हत्या करने और नीरज पर उकसाने का आरोप लगाया गया है। एडिशनल एसपी अनुराग सिंह ने बताया- अधिवक्ता हत्याकांड में कुल तीन गोलियां चलीं। एक गोली असगर अली और दो गोली अधिवक्ता फारुख को लगी। जिससे फारुख मौत हो गई। एक गोली फारुख के सीने के ऊपरी हिस्से में लगी, जबकि दूसरी गोली फेफड़े को चीरते हुए पार निकल गई। घटना में 32 बोर की पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने पिस्टल बरामद कर ली है। एसपी विद्यासागर ने बताया- जिला पंचायत कार्यालय के बाबू असगर ने गोली मारकर फारुख की हत्या की है। झड़प में उसे भी गोली लगने की बात सामने आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही हिरासत में ले लिया गया है। वारदात की वजह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है। ——— ये खबर भी पढ़ें बस्ती के दरोगा की मौत की गुत्थी सुलझाएंगे विदेशी एक्सपर्ट्स:CCTV में बाइक लेकर आता दिखा एक शख्स; मोबाइल अबतक नहीं मिला बस्ती के परशुरामपुर थाने के एसएसआई अजय गोंड की मौत की मिस्ट्री विदेश एक्सपर्ट सुलझाएंगे। पुलिस विदेशी फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से इस मामले को सुलझाएगी। हत्या और आत्महत्या के बीच में उलझी पुलिस अबतक खाली हाथ है। पूरी खबर पढ़ें