भास्कर न्यूज | जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के थाना रामामंडी ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 600 ग्राम अफीम सहित कुख्यात तस्कर दीपक कुमार उर्फ दीपा को गिरफ्तार किया है। आरोपी एकता नगर का रहने वाला है और लंबे समय से संतोषी नगर व आसपास के इलाकों में नशे की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क खंगालना शुरू कर दिया है। जांच अधिकारी एएसआई बलकरण सिंह ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ रामामंडी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल पर अफीम की खेप लेकर संतोषी नगर की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर तुरंत नाकाबंदी की गई। नाकेबंदी के दौरान जब संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया तो वह घबराकर वापस मुड़ गया और फरार होने की कोशिश करने लगा। पहले से मुस्तैद पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कंधे पर टंगे काले बैग से 2 किलो 600 ग्राम अफीम बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यूपी और बिहार के तस्करों से ट्रेन के जरिए सस्ते दाम पर अफीम लाता था और जालंधर व आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके संपर्कों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।