यमुनानगर में पश्चिम बंगाल की महिला की मौत:पति के साथ काम से लौटते ट्रैक्टर चालक ने मारी टक्कर, एक बेटी की मां

पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक महिला की यमुनानगर में सड़क हादसे में मौत हो गई। मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर करने आई महिला को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर ने उस समय टक्कर मार दी, जब वह अपने पति के साथ सड़क पार कर रही थी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान लोकी पत्नी निवासी लोहाणडा थाना रायेवंश जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) तथा वर्तमान में किरायेदार हीरा फैक्टरी, औरंगाबाद के रूप में हुई है। एक साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं महिला के पति की शिकायत पर यमुनानगर सदर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता बिस्टु दास पुत्र प्राण कि वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और अभी अपनी पत्नी व एक साल की बेटी पायल के साथ औरंगाबाद में रह रहा था। बुधवार को वह अपनी पत्नी लोकी के साथ औरंगाबाद पुल के पास गया था। काम समाप्त कर दोनों देर शाम वापस गांव औरंगाबाद लौट रहे थे। ट्रैक्टर चालक मौके पर छोड़कर फरार इस दौरान जब से हीरा फैक्टरी के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी यमुनानगर की ओर से एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से चलता हुआ आया और उसकी पत्नी लोकी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसकी पत्नी नीचे गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। शिकायतकर्ता ने मौके पर ही ट्रैक्टर का नंबर नोट कर लिया, जबकि ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। किसी राहगीर द्वारा डायल-112 पर सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता अपनी घायल पत्नी को लेकर तुरंत सिविल अस्पताल, यमुनानगर गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह हादसा ट्रैक्टर चालक की तेज गति, गफलत और लापरवाही के कारण हुआ, जिससे उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *