49 फ्लैट व 15 प्लॉट अलॉट करने का भरोसा:लतीफपुरा पुनर्वास को लेकर प्रशासन और मोर्चा में बनी सहमति,पुनर्वास में हर संभव मदद करेगा प्रशासन

जालंधर के लतीफपुरा पुनर्वास को लेकर जिला प्रशासन और लतीफपुरा पुनर्वास मोर्चा के बीच बुधवार को अहम बैठक हुई। बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें प्रभावित परिवारों की मांगों पर सहमति बन गई। जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में आयोजित बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर की मौजूदगी में प्रभावित परिवारों और मोर्चा नेताओं को आश्वासन दिया कि प्रशासन पुनर्वास के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। इस अवसर पर डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह भी मौजूद रहे। 49 फ्लैट और 15 प्लॉट अलॉट करने का आश्वासन डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रभावित परिवारों को बीबी भानी कॉम्प्लेक्स और सूर्या एन्क्लेव में 49 फ्लैट और 15 प्लॉट अलॉट किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परिवार अपने सत्यापित दस्तावेज जमा करवाएं, जिसके बाद प्रशासन द्वारा 24 घंटे के भीतर अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। 5% राशि नहीं ली जाएगी, मरम्मत भी प्रशासन कराएगा डीसी ने स्पष्ट किया कि फ्लैट और प्लॉट अलॉटमेंट के लिए जो सामान्यतः 5 प्रतिशत राशि जमा करवानी होती है, वह प्रभावित परिवारों से नहीं ली जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से फ्लैटों की जरूरी मरम्मत और अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित टीम तैनात होगी डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रभावित परिवारों के अन्य मुद्दों के समाधान के लिए एक समर्पित टीम नियुक्त की जा रही है, जो उनकी परेशानियों का जल्द समाधान सुनिश्चित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन 7 परिवारों को हाल ही में लतीफपुरा से स्थानांतरित किया गया है, उनकी तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए भी प्रशासन मदद करेगा। मुआवजे और केस वापस लेने पर भी चर्चा बैठक में संगठनों द्वारा मुआवजे की मांग उठाई गई, जिस पर डीसी ने कहा कि यह मामला सक्षम अथॉरिटी के समक्ष रखा जाएगा ताकि उचित समाधान निकाला जा सके। वहीं पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने इस मामले में दर्ज केसों को खारिज करने की प्रक्रिया पर ध्यान देने का आश्वासन दिया। कई किसान और मजदूर संगठनों के नेता रहे मौजूद बैठक में एसडीएम रणदीप सिंह हीर, जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के अधिकारी सहित कई किसान संगठनों और यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें संतोष सिंह संधू, मंदीप सिंह, कश्मीर सिंह घुग्शोर, हंस राज पब्ब्वां, गुरदीप सिंह भंडाल सहित अन्य नेता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *