अंबाला कैंट में कार ने ऑटो को मारी टक्कर:युवती की मौत; पुलिसकर्मी पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप

अंबाला कैंट में देर रात हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई।तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि कार एक पुलिसकर्मी चला रहा था, जो कथित रूप से नशे में था। परिवार का कहना है कि पुलिस अपने ही कर्मचारी को बचाने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी हंगामा हुआ और हालात तनावपूर्ण बन गए। परिजन आरोपी के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। कार की टक्कर से गई जान प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब निकिता ऑटो में सवार होकर अंबाला सिटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और निकिता गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुरुग्राम में नौकरी करती थी मृतका की पहचान 24 वर्षीय निकिता के रूप में हुई है, वह अंबाला की रहने वाली थी और गुरुग्राम में नौकरी करती थी। परिजनों के अनुसार वह करीब 28 दिन पहले ही अंबाला आई थी। परिवार में खुशी का माहौल था, क्योंकि उसे एक शादी समारोह में शामिल होना था, लेकिन इससे पहले ही हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। ममेरे भाई ने बताया हादसे का क्रम निकिता के ममेरे भाई केशव ने बताया कि वह उसे लेने अंबाला कैंट गया था। निकिता वैन से उतरी और वह उसे ऑटो में बैठाकर अंबाला सिटी की ओर आ रहा था। तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। केशव का कहना है कि हादसा बेहद अचानक और जोरदार था, जिससे संभलने का मौका ही नहीं मिला। नशे में पुलिसकर्मी पर आरोप परिजनों का आरोप है कि कार एक पुलिसकर्मी चला रहा था और वह नशे में था। उनका कहना है कि हादसे के बाद से पुलिस मामले को दबाने और आरोपी को बचाने में जुटी है। परिवार ने मांग की है कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण निष्पक्ष तरीके से और पारदर्शिता के साथ कराया जाए। अस्पताल में हंगामा, गेट किए बंद निकिता की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में विरोध जताया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अस्पताल के गेट बंद कर दिए और सुरक्षा बढ़ा दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवा दिया गया। निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग परिजनों ने मांग की है कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पूरी जांच निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए। उनका कहना है कि यदि मामले में पारदर्शिता नहीं बरती गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। परिवार न्याय की मांग पर अडिग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *