रेवाड़ी जिले के बैरियावास गांव में बुधवार देर शाम 11वीं के छात्र ने घर में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। 11वीं का छात्र जब खेलकर घर पहुंचा, तो मां किसी काम से बाहर चली गई। जब काम निपटाकर वापस लौटी, तो बेटे का शव कमरे में फंदे पर लटकता मिला। जिसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना के बाद कसोला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। खेलने के बाद लौटा था घर जानकारी के अनुसार गांव बैरियावास का 17 वर्षीय गगन 11वीं कक्षा में पढ़ता था। वीरवार शाम को वह खेलने के लिए बाहर गया था। खेलने के बाद जब वह वापस घर लौटा, तो मां घर पर अकेली थी। बेटे के घर आने पर मां किसी काम से बाहर चली गई। जब वह काम निपटाकर वापस लौटी, तो बेटे का शव फंदे पर लटकता मिला। जिसे फंदे से उतारकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस बताया जाता है कि गगन के पिता रामपाल केबल ऑपरेटर के पास काम करते हैं। घटना के समय वह काम पर बाहर गया हुआ था। कसोला थाना एसएचओ सतीश कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। परिजनों के बयान के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।