पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के नए यूनिफाइड पोर्टल में हाल ही में कुछ तकनीकी खामियां सामने आई हैं। बिल जनरेट करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विभाग का दावा है कि अधिकांश समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और बाकी मुद्दों को भी जल्द ठीक कर दिया जाएगा। यूनिफाइड पोर्टल के संपूर्ण क्रियान्वयन और तकनीकी निगरानी की जिम्मेदारी चीफ इंजीनियर (आईटी) के अधीन है। इस संबंध में उन्होंने मीडिया को बताया कि सॉफ्टवेयर अपने शुरुआती चरण में है, इसलिए कुछ ‘टीथिंग ट्रबल’ यानी शुरुआती दिक्कतें सामने आ रही हैं। 1-2 दिन में दुरुस्त होंगी शेष समस्याएं
सुखविंदर सिंह ने कहा कि सॉफ्टवेयर अभी प्रारंभिक चरण में है, इसलिए कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। इन्हें एक-दो दिन के भीतर ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि PSPCL ने DS साउथ/ईस्ट/बॉर्डर जोन के तहत बिजली बिलिंग सॉफ्टवेयर को सैप (SAP) से ओरेकल (Oracle) प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया है। डेटा माइग्रेशन के दौरान रुकी थी बिलिंग
सुखविंदर सिंह ने जानकारी दी कि डेटा माइग्रेशन की प्रक्रिया के दौरान पिछले महीने बिजली बिलिंग अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी थी। अब नया बिलिंग सिस्टम पूरी तरह से लाइव हो चुका है और डेटा माइग्रेशन की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार, शेष तकनीकी पहलुओं और प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकृत अधिकारी के रूप में चीफ इंजीनियर (आईटी) द्वारा साझा की जाएगी। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा को जल्द से जल्द दूर करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।