चंडीगढ़ में अब हर महीने आएगा बिजली बिल:CPDL ने दो महीने वाली व्यवस्था खत्म की, डिजिटल सुविधाएं भी होंगी उपलब्ध

चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) ने शहर के घरेलू और गैर-घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब बिजली का बिल दो महीने की जगह हर महीने भेजा जाएगा। इस फैसले से लोगों को दो महीने बाद आने वाले भारी-भरकम बिल से छुटकारा मिलेगा। हर महीने बिल मिलने से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत को आसानी से समझ सकेंगे और अपने घर या कारोबार का बजट बेहतर तरीके से बना सकेंगे। सीपीडीएल के मुताबिक, नई व्यवस्था से बिलिंग प्रक्रिया ज्यादा साफ और पारदर्शी होगी। नियमित मीटर रीडिंग होने से गलत या अनुमानित बिल आने की संभावना भी कम हो जाएगी। मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं को कई आसान सुविधाएं दी जाएंगी। मोबाइल फोन पर डुप्लीकेट बिल देखा जा सकेगा। बिजली का बिल ऑनलाइन और डिजिटल तरीके से जमा किया जा सकेगा। शिकायत होने पर उसका समाधान भी पहले से ज्यादा जल्दी होगा। कंपनी का कहना है कि यह कदम लोगों की सुविधा के लिए उठाया गया है, ताकि वे अपने बिजली खर्च पर आसानी से नजर रख सकें और बिल से जुड़ी परेशानियां कम हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *