बलाचौर में कार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी:लुधियाना के दो युवकों की मौत, एक घायल, 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बलाचौर के निकट हुए एक सड़क हादसे में लुधियाना के माछीवाड़ा साहिब क्षेत्र के दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना में उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान जातीवाल निवासी हरमेश कुमार (33) और मिल्कोवाल निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ बंटी (34) के रूप में हुई है। हरमेश कुमार अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं, जबकि बलजिंदर सिंह के तीन छोटे बच्चे हैं। ये दोनों युवक गरीब परिवारों से थे और शटरिंग का काम करके अपने परिवारों का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे से पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक गांव रूड़ेवाल से शटरिंग का सामान लेकर काठगढ़ गए थे। काम निपटाने के बाद वे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू हो गई। हरमेश और बलजिंदर उस समय ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठे थे और टक्कर से सड़क पर जा गिरे। हरमेश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बलजिंदर सिंह ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। दोनों गांवों में पसरा मातम गांव जातीवाल और मिल्कोवाल में इस खबर के फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम है और हर दिल गम से भरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हरमेश और बलजिंदर बेहद मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार इंसान थे। उन्होंने कभी किसी से शिकायत नहीं की और ईमानदारी से मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण किया। हरमेश ने घर आकर शादी में जाना था
गांव जातीवाल में हरमेश कुमार के पड़ोस में ही विवाह समारोह था। उनकी पत्नी और बच्चे शादी में जाने के लिए तैयार होकर घर में उनका इंतजार कर रहे थे। उन्हें क्या पता था कि यह इंतजार कभी खत्म नहीं होगा। अचानक फोन पर आई मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। बलाचौर के डीएसपी हेमंत मल्होत्रा ने बताया कि पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी कब्जे में ले ली है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है. उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव वारिसों को सौंप दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *