सूरजकुंड मेले में बीते दिनों हुए झूला हादसे के बाद वीरवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी घायलों से मिलने फरीदाबाद पहुंचे। मुख्यमंत्री सबसे पहले सुप्रीम अस्पताल पहुंचे, जहां हादसे में घायल तीन लोगों का उपचार चल रहा है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने घायलों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और राज्य सरकार इस घटना को लेकर बेहद गंभीर है। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा उनके उपचार का पूरा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी। शहीद इंस्पेक्टर के परिवार को सरकारी नौकरी की घोषणा सीएम सैनी ने हादसे में शहीद हुए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहीद इंस्पेक्टर के परिवार को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि परिवार को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। ‘झूला सेफ्टी पॉलिसी’ बनाने की घोषणा उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकने के लिए ‘झूला सेफ्टी पॉलिसी’ बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नीति के तहत मेलों और अन्य आयोजनों में लगाए जाने वाले झूलों व मनोरंजन उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाएगा, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित कई अधिकारी मौजूद इस दौरान हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, हरियाणा टूरिज्म के MD पार्थ गुप्ता, DC आयुष सिन्हा और CMO जयंत अहूजा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।