मुख्तार के शूटर शोएब की दिनदहाड़े हत्या:बाराबंकी में कार पर गोलियां बरसाईं, बाइक से आए थे हमलावर

बाराबंकी में माफिया मुख्तार अंसारी के शूटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शुक्रवार दोपहर उस वक्त हुई, जब वह कार से लखनऊ से बाराबंकी जा रहा था। हाईवे से 100 मीटर आगे बढ़ते ही दो बाइक सवार बदमाश आ गए। जब तक शोएब कुछ समझ पाता, उसकी कार पर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शोएब पर 25 से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। वह घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर अयोध्या की तरफ फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल पहुंची और शोएब को अस्पताल ले आई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास हुई। कार पर जगह-जगह बुलेट के निशान हैं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। बॉबी पर हत्या, रंगदारी और गैंगवार से जुड़े कई मुकदमे दर्ज थे।
वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए-
जेलर हत्याकांड से सुर्खियों में आया था शोएब शोएब बॉबी का नाम चर्चित जेलर रमाकांत तिवारी हत्याकांड में सामने आया था। जेलर की हत्या चार फरवरी 1999 को की गई थी। वह तत्कालीन लखनऊ डीएम सदाकांत के आवास से बैठक कर शाम सात बजे लौट रहे थे। राजभवन के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी, सपा के बागी विधायक अभय सिंह समेत दर्जन भर से अधिक लोग नामजद हुए थे। हालांकि, कोर्ट ने सभी को बरी कर दिया था। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *