लुधियाना के गिल रोड स्थित डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्रीज सेंटर (DIC) ऑफिस में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दबिश देकर तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक कारोबारी की शिकायत पर की गई, जिसे एक जरूरी दस्तावेज (कागज) जारी करने के बदले लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। शिकायतकर्ता संजीव कारोबारी ने बताया कि उन्हें अपने काम के सिलसिले में एक सरकारी दस्तावेज की जरूरत थी। इसके लिए वे पिछले काफी समय से डीआईसी ऑफिस के चक्कर काट रहे थे, लेकिन वहां तैनात अधिकारी और कर्मचारी काम करने के बजाय उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। संजीव के मुताबिक, आरोपियों ने काम के बदले करीब 50 हजार की रिश्वत मांगी थी। उन्होंने बताया कि, मुझसे लंबे समय से पैसों की मांग की जा रही थी। मैं परेशान हो चुका था इसलिए मैंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का फैसला किया और विजिलेंस को सूचित किया। ट्रैप लगाकर दबोचे गए आरोपी शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजना तैयार की और संजीव को डीआईसी आफिस में रुपए लेकर भेजा। जैसे ही संजीव ने ऑफिस के भीतर आरोपियों को पैसे दिए तो पहले से तैयार बैठी विजिलेंस की टीम ने धावा बोल दिया। टीम ने मौके पर ही तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपियों के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद की है। अधिकारी फिलहाल मौन इस छापेमारी के बाद डीआईसी ऑफिस में हड़कंप मच गया है। हालांकि विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने अभी तक पकड़े गए कर्मचारियों के नाम और उनके पद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ब्यूरो का कहना है कि अभी कागजी कार्रवाई और पूछताछ जारी है जिसके बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।