प्रेमिका की हत्या के लिए चुना प्रपोज-डे का दिन:वैलेनटाइन सरप्राइज देने के बहाने बुलाया, दूसरे लड़के से संबंध, 300 में खरीदी कुल्हाड़ी

अबोहर में तीन दिन पहले हुई नाबालिग आरती की हत्या के मामले आरोपी सचिन ने पुलिस रिमांड के दौरान चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसने आरती की हत्या इसलिए की क्योंकि उसने उसे धोखा दिया था। नगर थाना नंबर- 1 में हत्यारोपी सचिन ने पुलिस को बताया कि उसे आरती की हत्या का कोई अफसोस नहीं है। उसने कहा कि यह हत्या लड़की द्वारा उसे प्रेम में धोखा देने की सजा के तौर पर की गई थी। इस बीच, मृतका आरती का कल देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। आईआईटी कर चुका है आरोपी सचिन आईटीआई कर चुके आरोपी सचिन ने पुलिस को बताया कि वह गांव रामकोट के एक गरीब परिवार से है। उसके पिता मजदूरी करते हैं और उसका एक छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। सचिन ने बारहवीं के बाद आईटीआई का कोर्स किया और अबोहर की गोशाला के पास एक स्पेयर पार्ट की दुकान पर मैकेनिक का काम करता था। सचिन के अनुसार, करीब एक साल पहले उसकी पहचान गोशाला में सेवा करने वाले एक परिवार की लड़की आरती से हुई थी। यह पहचान धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। सचिन ने बताया कि वह आरती से शादी करने के लिए राजी था, लेकिन लगभग दो महीने पहले आरती ने उसे बताया कि वह उससे शादी नहीं कर सकती। आरती ने उसे बताया कि उसकी किसी और लड़के से दोस्ती है। आरती ने सोशल मीडिया पर उस लड़के की तस्वीरें भी दिखाईं। यह जानकर सचिन इसे बर्दाश्त नहीं कर सका और उसके मन में आरती के प्रति नफरत पैदा हो गई। हत्या के लिए चुना प्रपोज-डे का दिन इसी नफरत का बदला लेने के लिए उसने एक गहरी साजिश रची और इसके लिए प्रपोज-डे का दिन तय किया। उसने बताया कि घटना से 1 दिन पहले उसने अबोहर के बाजार नंबर 4 के निकट लोहे की दुकानों से 300 रुपए की कुल्हाडी खरीदी और उसे अपने बैग में छुपा लिया। घटना वाले दिन उसने आरती को वैलेनटाइन सरप्राइज देने के बहाने से अपने पास बुलाया। उसने अपने दुकान मालिक की स्कूटी मांगी और आरती को पार्क के निकट से पिक करके बस स्टैंड के एक स्थित एक होटल में रुम लेने के लिए पहुंचा, लेकिन वहां रुम ना मिलने पर वह आरती को लेकर मलोट रोड के पंजाब होटल में शाम करीब पांच बजे गया, जहां उसने 2 हजार रुपए में कमरा किराए पर लिया। गले में चांदी की चेन पहनाने का बहाना बनाया सचिन ने बताया कि कमरे में पहुंचते ही उसने लड़की को सरप्राइज देने के बहाने पहले उसके पकड़े उतरवाए और बाद में उसकी आंखों पर पट्टी बंधवा दी। इसके बाद गले में चांदी की चेन पहनाने के बहाने अपने पास बुलाया। लड़की ने चेन पहनने के लिए जैसे ही गर्दन झुकवाई तो उसने बैग से कुल्हाड़ी निकाली और पूरी बेरहमी से तीन वार कर मौत के घाट उतार दिया। उसके जमीन पर गिरते ही वह खून से सनी कुल्हाड़ी को बैग में डालकर वहां से भाग निकला। भाई बोला- तूने अपनी और हमारी जिंदगी खराब कर दी कत्ल करने के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने दुकान मालिक की स्कूटी को दुकान पर लगाते हुए बिना कुछ बोले वहां से अपने गांव के लिए बस स्टैंड से बस पकड़कर रवाना हो गया। रास्ते में उसने अपने छोटे भाई राहुल को फोन करके कहा कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी है। यह सुनते ही उसके भाई के पैरों से जमीन खिसक गई और वह फोन पर ही रोने लगा। उसके भाई ने कहा कि तूने अपनी और हमारी जिंदगी खराब कर दी। इतना सुनते ही सचिन ने फोन काट दिया। अब लग रहा जिंदगी में सबकुछ खो दिया : सचिन हवालात में खामोश बैठे सचिन ने कहा कि इस हत्या को अंजाम देकर उसने गलती तो की है, क्योंकि आरती द्वारा दिए गए धोखे ने उसके मन में इतनी नफरत भर दी कि गुस्से की आग में उसे कुछ नहीं सूझा और अब लग रहा है कि जिंदगी में उसने सब कुछ खो दिया है। उसने इतना भी कहा कि, जो गलती उसने की है ऐसी गलती जिंदगी में किसी को नहीं करनी चाहिए। मृतका के परिजनों की मांग- मिले सजा-ए- मौत इधर कल देर शाम को आरती का ननिहाल परिवार यूपी से आने पर अबोहर की शिवपुरी में अंतिम संस्कार किया गया। जहां पर रोते बिलखते हुए लड़की की मां ने हत्यारोपी सचिन को सजा-ए- मौत दिए जाने की मांग की। पुलिस बोली- स्कूटी रिकवर करना बाकी थाना प्रभारी रविंद्र भाटी ने बताया कि हत्यारोपी सचिन को पुलिस ने काबू कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर उसका 4 दिन का रिमांड हासिल किया गया है। दो दिन के पुलिस रिमांड पर होने के बाद हुई पूछताछ के बाद एक गुप्त जगह से हत्या में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी ने बताया कि आरोपी से हत्या में प्रयोग की गई स्कूटी को बरामद करना बाकी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने खुद कबूल किया है कि उसने ही आरती की हत्या की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *