पंजाब दिनभर,10 बड़ी खबरें:BJP नेता को समन भेजा, ED अफसर हटाया; दूल्हे ने सुसाइड किया; सिंगर को धमकी; MLA ने ली बुलेटप्रूफ गाड़ी

नमस्कार, पंजाब की आज की पहली सबसे बड़ी खबर BJP नेता व पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह को समन भेजने वाले ED के जॉइंट डायरेक्टर को हटाने की रही। जॉइंट डायरेक्टर रवि तिवारी का जालंधर से सीधे चेन्नई ट्रांसफर कर दिया गया है। दूसरी बड़ी खबर कपूरथला में शादी से 2 दिन पहले सुसाइड करने की है। यहां दूल्हे ने घर में बाथरूम में फंदा लगा लिया। घर में आज शगुन की रस्म होनी थी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. कैप्टन को समन भेजने वाला ED अफसर हटाया जालंधर में एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने जॉइंट डायरेक्टर रवि तिवारी का चेन्नई ट्रांसफर कर दिया है। यह वही IRS ऑफिसर हैं, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणइंदर सिंह को विदेशों में संपत्ति के मामले में समन जारी किया था और शुक्रवार को पेश होने के लिए कहा था। उधर, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने कैप्टन को पार्टी में आने का न्योता दिया तो भाजपा में खलबली मच गई। पहले भाजपा के संगठन मंत्री और फिर वर्किंग प्रधान उनसे मिलने अस्पताल पहुंच गए। (पढ़ें पूरी खबर) 2. कपूरथला में शादी से पहले दूल्हे ने सुसाइड किया कपूरथला में कारोबारी दूल्हे ने सुसाइड कर लिया। कारोबारी की 2 दिन बाद शादी होनी थी। आज शाम को शगुन की रस्म थी। 29 साल का करण कुमार जौली मार्केट में मनियारी का कारोबार करता था। आज दोपहर को वह अपने घर की तीसरी मंजिल पर गया, जहां उसने बाथरूम में फंदा लगा लिया। परिजनों को करण काफी देर तक नहीं दिखा तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उसके पिता तीसरी मंजिल पर गए। यहां उन्हें बेटा फंदे पर लटका मिला। वह इकलौता बेटा था। (पढ़ें पूरी खबर) 3. लुधियाना में AAP विधायक की अचानक सुरक्षा बढ़ाई लुधियाना में आम आदमी पार्टी के विधायक अशोक पराशर पप्पी की प्रशासन ने अचानक सुरक्षा बढ़ा दी है। पराशर ने अपने तौर पर बुलेट प्रूफ गाड़ी भी ली है। विधायक के पास किसी को बिना जांच के जाने नहीं दिया जा रहा है। पराशर के दफ्तर में जो भी उनसे मिलने जा रहा है, पहले पुलिस उसकी चेकिंग कर रही है। पप्पी ने कहा कि प्रशासन की तरफ से मुझे मैसेज आया हुआ है। मैं प्रशासन के निर्देशों का पालन कर रहा हूं। (पढ़ें पूरी खबर) 4. बठिंडा में लिव इन पार्टनर ने की युवती की हत्या बठिंडा में सूटकेस में मिली युवती की हत्या उसके लिव इन पार्टनर ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों के बीच मामूली बहस हुई थी। जिसके बाद उसने युवती की हत्या कर दी। इसके बाद उसकी लाश को जलाने की कोशिश की। कामयाब न हुआ तो उसे सूटकेस में पैक कर हाईवे के किनारे फेंक दिया। मरने वाली युवती मोगा की रहने वाली मलिका (20) थी। (पढ़ें पूरी खबर) 5. पूर्व MLA बोले- ऑपरेशन लोटस AAP का ड्रामा पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला MLA नरिंदर कौर भराज के BJP के विधायकों की खरीद दावे पर सियासी बवाल मच गया है। MLA भराज ने कहा था कि हरियाणा के CM नायब सैनी ने उन्हें ऑफर दिया कि बंद कमरे में राजनीतिक चर्चा के लिए मिलो तो तुम्हें संगरूर से टिकट देंगे। इस पर अब AAP के ही जालंधर से विधायक रहे शीतल अंगुराल ने दावों की बखिया उधेड़ी है। अंगुराल ने कहा- यह AAP का पुराना पैंतरा है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. पंजाब की सूफी सिंगर नूरां से मांगी ₹1 करोड़ रंगदारी पंजाब की सूफी सिंगर ज्योति नूरां से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। नूरां के पति अभि ने कहा कि किसी संपत नेहरा के नाम से धमकी देकर रंगदारी मांगी जा रही है। पैसा न देने पर उनको लगातार थ्रेट कॉल आ रहे हैं। 2 दिन पहले घर जो फायरिंग हुई है, उन्हें शक है कि वो भी इसी मामले में हुई है। इससे पहले भी कुछ संदिग्ध घर के बाहर चक्कर लगा चुके हैं। इसे लेकर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। (पढ़ें पूरी खबर) 7. म्यूजिक डायरेक्टर बोले- मैं मूसेवाला का हिसाब-किताब नहीं देखता था पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता के पैसों के हिसाब किताब को लेकर लगाए आरोपों पर म्यूजिक डायरेक्टर बंटी बैंस ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मूसेवाला के पैसों का हिसाब किताब वो नहीं बल्कि शब्बीर नाम का व्यक्ति देखता था और वही अब सभी को परेशानी में डाल रहा है। 11 फरवरी को मूसेवाला के माता-पिता ने मानसा एसएसपी ऑफिस के बाहर धरना दिया था। उन्होंने बंटी बैंस और सीएम के ओएसडी पर आरोप लगाए थे। (पढ़ें पूरी खबर) 8. PAK गई पंजाबी महिला बोली- मेरा 8 साल पुराना प्यार पंजाब से पाकिस्तान गई सरबजीत कौर की रिहाई के बाद पहली बार उसकी बातचीत का वीडियो सामने आया है। इस दौरान उसके साथ उसका पति नासिर हुसैन भी नजर आया। सरबजीत ने कहा कि अगर सच्चा प्यार होता है, तो दिल में यह एहसास जरूर रहता है कि हम एक-दूसरे से मिलेंगे। हमारा प्यार आज का नहीं, बल्कि पिछले 8 साल से है। अगर मुंह में दांत भी न रहते, तब भी मैं पाकिस्तान जरूर आती। अब मैं अपनी बाकी जिंदगी पाकिस्तान में खुश रहकर बिताऊंगी। (पढ़ें पूरी खबर) 9. तरनतारन मर्डर-सुसाइड, आरोपी की मां बोली- लड़की धोखेबाज थी तरनतारन के लॉ कॉलेज में छात्रा की हत्या करने वाले छात्र की मां सामने आई है। छात्र की मां ने रोते हुए कहा कि बेटा जज बनना चाहता था, कॉलेज जाते हुए उसे अभी सिर्फ छह महीने ही हुए थे। लड़की उससे नंबर मांगती थी। लेकिन उसने नंबर नहीं दिया, क्योंकि नंबर मेरा था। इंस्टाग्राम पर भी लड़की की ओर से पहला मैसेज आया था। छात्र ने 9 फरवरी को क्लासरूम में छात्रा संदीप कौर को गोली मारकर खुद को शूट कर लिया था। (पढ़ें पूरी खबर) खटर हटके… 10. चंडीगढ़ में DGP से अवॉर्ड पाने वाला निकला चोर चंडीगढ़ में पुलिस की मदद कर स्नैचर को पकड़वाने वाला युवक खुद चोरी के मामले में गिरफ्तार हो गया है। आरोप है कि उसने नमाज पढ़ने गई महिला के घर पीछे से ताला तोड़कर सोना-चांदी समेत कई कीमती चीजें चुरा लीं। जैसे ही महिला वापस लौटी तो घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी के दरवाजे टूटे पड़े थे। इसके बाद महिला ने पुलिस को शिकायत दी। अगस्त 2025 में डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा ने आरोपी को बहादुरी के लिए सम्मानित किया था। इस दौरान SSP कवंरदीप कौर भी मौजूद थीं। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *