शेखपुरा में भूमि विवाद पर युवक पर हमला:जमीन बेचने के नाम पर 18.45 लाख हड़पने का आरोप, अस्पताल में भर्ती

शेखपुरा के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वरुई गाँव में शुक्रवार को एक युवक पर भूमि विवाद को लेकर हमला किया गया। कुछ लोगों ने उसे लोहे की रॉड से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल शेखपुरा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की पहचान वरुई गाँव निवासी पप्पू यादव के पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस संबंध में घायल के पिता पप्पू यादव ने बताया कि गाँव के मिथिलेश यादव के पुत्र कमलेश यादव ने उनसे एक बीघा जमीन बेचने के नाम पर 18 लाख 45 हजार रुपये लिए थे। छह महीने बीत जाने के बाद भी न तो जमीन का बैनामा किया गया और न ही पैसे लौटाए गए। पप्पू यादव के अनुसार, जब उनके बेटे ने पैसे वापस मांगे, तो उसे घेरकर बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि पैसों का यह लेनदेन पुरैना ग्राम के कचहरी सरपंच के सामने हुआ था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। नगर थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *