खगड़िया गोलीकांड का मुख्य आरोपी हथियार-कारतूस के साथ गिरफ्तार:पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर मामले का खुलासा किया

बिहार पुलिस ने खगड़िया थाना क्षेत्र के सोनवर्षा मथुरापुर गांव में हुए गोलीकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल एक आरोपी को अत्याधुनिक हथियारों, जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 12 फरवरी 2026 की देर रात हुई थी। खगड़िया थाना को सूचना मिली थी कि सोनवर्षा मथुरापुर निवासी अंकित कुमार (पिता– टीपक कुमार) को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही खगड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर सघन छापेमारी मामले की गंभीरता को देखते हुए खगड़िया पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर–01) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर सघन छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घटना में संलिप्त हरेन्द्रपाल सिंह (पिता– स्व. बलजीत सिंह), निवासी ग्राम जोइन, थाना सदर, जिला गुरदासपुर (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया। विभिन्न धाराओं के तहत क़ानूनी कार्रवाई की जा रही पुलिस ने आरोपी के पास से एक 0.32 एमके-डब्ल्यूएल पिस्टल (मैगजीन सहित), 0.32 बोर के 20 जिंदा कारतूस, एक डीबीबीएल 315 बोर गन (मैगजीन सहित), 0.315 बोर के 10 जिंदा कारतूस, 4 खोखा, एक एप्पल मोबाइल फोन और एक वैध शस्त्र लाइसेंस बरामद किया है। इस संबंध में खगड़िया थाना में कांड संख्या 58/26, दिनांक 13.02.2026 को दर्ज किया गया है। अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 329(4), 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में सह थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, अवर निरीक्षक राहुल कुमार, महिला पुलिस पदाधिकारी सफत खातून समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और वारदात से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *