कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र स्थित मनोहरपुर पंचायत के किस्मत मिर्जातपुर वार्ड संख्या 8 में शुक्रवार को एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला की पहचान 42 वर्षीय जहानुर खातून के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जहानुर खातून के पति मो. फरीरुद्दीन (निवासी अमीराबाद, कांटाकोश पंचायत) ने गला दबाकर उनकी हत्या की है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनोद कुमार और थाना प्रभारी पंकज आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। ग्रामीणों के बीच जमीन विवाद को लेकर भी चर्चाएं हैं, जिसे पुलिस अपनी जांच के दायरे में रखे हुए है। पुलिस ने आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।