औरंगाबाद में 30 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट:वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की

औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित बादम के बजारी पहाड़ में लगभग तीस एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया है। वन विभाग, मद्यनिषेध विभाग और स्थानीय थाना पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त छापेमारी कर यह कार्रवाई की। यह अभियान डीएफओ रुचि सिंह के निर्देश पर चलाया गया। ड्रोन से मिली सूचना वन विभाग के फॉरेस्टर रौनक कुमार ने बताया कि सेटेलाइट, ड्रोन और गुप्त सूचना के आधार पर अफीम की खेती के विनष्टीकरण का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने जानकारी दी कि अकेले फरवरी महीने में 60 एकड़ से अधिक खेतों में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया जा चुका है। संयुक्त टीम ने की कार्रवाई रौनक कुमार ने आगे बताया कि शुक्रवार को बजारी पहाड़ में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की सूचना मिली थी। इसके बाद मद्यनिषेध विभाग से संतोष कुमार, टीम प्रभारी रंजीत कुमार सिंह, मदनपुर थाना पुलिस और वन विभाग के अधिकारी, जिनमें वनरक्षी नंदू कुमार, सुभाष कुमार, सुमन कुमार और विमलेंद्र कुमार शामिल थे, ने इस कार्रवाई में हिस्सा लिया। कई स्थानों पर कार्रवाई उन्होंने बताया कि इस महीने में नरचुआ, रानिकोला, बनरझुला, खोड़ीलापर, सागरपुर, परसा और बादम सहित अन्य स्थानों पर भी अफीम की खेती को नष्ट किया गया है। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों को करोड़ों रुपये मूल्य का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *