पंजाब के लुधियाना में आज सुबह करीब 5:30 बजे एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि थार गाड़ी भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। 108 एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल घायल को पहुंचाया मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए थार में सवार दो युवकों को गाड़ी से बाहर निकाला। वहीं खून से लथपथ घायल बाइक सवार को थार में मौजूद युवकों ने 108 एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में घायल को दाखिल करवाने के बाद दोनों युवक मौके से निकल गए। हादसे के बाद थार गाड़ी को NHAI की टीम ने टो कर लिया। अस्पताल में घायल युवक की पहचान यादविंदर के रूप में हुई है, जो समराला चौक के नजदीक का रहने वाला है। सब्जी मंडी खरीददारी करने जा रहा था यादविंदर घायल यादविंदर ने बताया कि वह सुबह सब्जी मंडी में खरीदारी करने जा रहा था। जैसे ही वह समराला चौक के पास पहुंचा, अचानक एक तेज रफ्तार थार आई और उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। अस्पताल में पहुंचने के बाद उसे होश आया। हादसे में उसकी एक टांग टूट गई है और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही उसकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घायल युवक ने अपने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। उधर, अस्पताल प्रशासन ने संबंधित थाना पुलिस को हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।