रानियां में बाइक सवार युवकों पर हमला, VIDEO:पैलेस मे काम करने जा रहे थे; मोटरसाइकिल अड़ा कर गिराया, पीठ पर किए वार

सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र में आए दिन जानलेवा हमलों की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को दो से तीन युवकों ने दो युवकों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब दोनों युवक रानियां के एक पैलेस से दूसरे पैलेस में काम करने के लिए जा रहे थे। रास्ते में दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। युवकों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। रानियां शहर के वार्ड नंबर 15 के रहने वाले आकाशदीप पर हमला किया गया। वह विवाह समारोहों में कैटरिंग का काम करता है और उसकी उम्र लगभग 20 वर्ष है। आकाशदीप ने बताया कि वह रानियां-जीवननगर रोड पर बने एक पैलेस में काम खत्म कर दूसरे पैलेस में जा रहा था, तभी रास्ते में दो से तीन युवकों ने उसे घेर लिया। पहले रैकी की गई, फिर बीच सड़क गिराया गया पीड़ित आकाशदीप ने बताया कि पहले उसकी रैकी की गई थी। इसके बाद हमलावरों ने बीच सड़क पर उसकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। उसने बताया कि जान बचाने के लिए वह रानियां-जीवननगर रोड पर बनी एक फैक्टरी में घुस गया और वहां से दीवार कूदकर खेतों के रास्ते भागता हुआ दूसरे पैलेस के पास पहुंचा। इस दौरान हमलावरों ने उसकी पीठ पर लाठियों और डंडों से वार किए। उनके पास तेजधार हथियार भी थे। तीनों हमलावर रानियां के सच्चा सौदा मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बाइक लेकर फरार हुए हमलावर, पुरानी रंजिश बताई वजह हमलावर पीड़ित की बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। आकाशदीप ने बताया कि इन युवकों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। कुछ समय पहले किसी बात को लेकर बहस और गाली-गलौच हुई थी, जिसके बाद से ये लोग लगातार उस पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं। उसने बताया कि पहले भी इन लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। मां बोली- मेरे बेटे की जान को खतरा पीड़ित आकाशदीप की मां ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उनका बेटा लगातार हमलों का शिकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी 2026 को भी उनके बेटे को गोदाम के अंदर घेरकर धमकाया गया था, जिसकी शिकायत थाने में दी गई थी। अब तक दो से तीन बार उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया जा चुका है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया और पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *