सोनीपत में बुढ़ापा पेंशन के मुद्दे पर कांग्रेस ने गोहाना रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने शक्ति प्रदर्शन किया। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बुजुर्गों की पेंशन में किसी भी तरह की कटौती का विरोध किया।
मंच से संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 36 बिरादरी राम रूपी जनता है और भगवान राम जनता में बसते हैं। उन्होंने अपने 14 साल के राजनीतिक वनवास का जिक्र करते हुए कहा कि संघर्ष के बाद ही जीत मिलती है और 2029 में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन काटे जाने को लेकर पहले ही ऐलान कर दिया गया था और धरने से एक दिन पहले ही बीजेपी सरकार ने फैसला वापस ले लिया, जो कांग्रेस और जनता की जीत है। दोबारा पेंशन काटी तो सीएम आवास का घेराव करेंगे दीपेंद्र हुड्डा ने खुले मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में बुढ़ापा पेंशन पर दोबारा हमला हुआ तो जिस तरह 3 कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली कूच किया गया था, उसी तरह मुख्यमंत्री के दरवाजे तक पहुंचेंगे। उन्होंने इसे बुजुर्गों के सम्मान का सवाल बताया। वहीं बुढ़ापा पेंशन और राशन कार्ड काटे जाने, ट्रेड डील से जुड़े मामलों तथा HPSC द्वारा हरियाणा के युवाओं की नौकरियों में कथित अनदेखी के विरोध में प्रदर्शन किया गया है। सोनीपत नगर निगम पर साधा निशाना दीपेन्द्र हुड्डा ने सोनीपत मेयर के 11 महीने के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल है, सीवरेज जाम हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर और टूटी सड़कों से जनता परेशान है। उन्होंने 10 करोड़ रुपए के कथित खजूर घोटाले और ड्रेन-6 के विस्तार कार्य को अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उद्घाटन पर नारियल फोड़ने की होड़ रहती है, लेकिन काम करने की नहीं। मेट्रो परियोजना पर बीजेपी को घेरा मेट्रो विस्तार को लेकर भी दीपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में 88 किलोमीटर मेट्रो का विस्तार हुआ और गुड़गांव, बहादुरगढ़ और बल्लभगढ़ को जोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में 12 साल पूरे होने के बावजूद सोनीपत तक मेट्रो परियोजना पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि जनता के विरोध के बाद ही बीजेपी अपने फैसले वापस लेती है। लोकतंत्र के दमन का आरोप– राव नरेंद्र प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि पहले सोनीपत में कांग्रेस के कई विधायक थे, लेकिन बीजेपी ने बेईमानी से उन्हें छीना। उन्होंने आरोप लगाया कि आज संसद में विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा और लोकतंत्र का दमन हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि निकाय चुनाव में पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाए, सभी उसका समर्थन करें और किसी प्रकार की गुटबाजी न करें। 6000 रुपये पेंशन का वादा
राव नरेंद्र ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर बुढ़ापा पेंशन 6 हजार रुपये करने का वादा निभाएगी। उन्होंने आगामी हरियाणा बजट को लेकर कहा कि केवल घोषणाओं से काम नहीं चलेगा, जनता को वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सोनीपत, अंबाला और पंचकूला में कांग्रेस अपने चुनाव चिन्ह पर निकाय चुनाव लड़ेगी और बड़ी जीत दर्ज करेगी। अनिल विज पर भी टिप्पणी प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी नेता अनिल विज पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी से संतुष्ट नहीं है। आज सरकार में बैठे हुए मंत्री, विधायक या फिर मुख्य्मंत्री हैं। ऐसा लगता है कि वे सभी अपने प्रदेश में आदेश देने में सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा है कि पहले मुख्यमंत्री ने भी कहा था कि उनके पास चपरासी का भी ट्रांसफर करने की पावर नहीं है। आज हालात यह है कि चुने हुए लोग संतुष्ट नहीं है और न ही जनता संतुष्ट है। हरियाणा में लोग परिवर्तन चाहते हैं।