प्रेम प्रसंग में फरार लड़की ढाई साल बाद पहुंची ससुराल:बोचहा में न्यायालय के आदेश पर भेजा गया, पिता ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग में फरार हुई एक युवती ढाई साल बाद शनिवार देर शाम अपने ससुराल चली गई। न्यायालय के आदेश पर मामले की अनुसंधानक अन्नपूर्णा कुमारी ने युवती को ससुराल पक्ष को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, युवती के पिता ने 10 अक्टूबर 2023 को बोचहाँ थाने में अपनी बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत हो सकता है। इस दौरान उन्होंने पियर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी विवेक कुमार को नामजद किया था। पिता ने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी कॉलेज पढ़ने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। दो-तीन दिनों तक खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और कार्रवाई तेज कर दी थी। इसी बीच, युवती ने शनिवार को बोचहाँ थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अनुसंधानक सब-इंस्पेक्टर अन्नपूर्णा कुमारी ने युवती को बरामदगी के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ उसका बयान दर्ज किया गया। युवती ने न्यायालय में अपने ससुराल जाने की इच्छा व्यक्त की। न्यायालय के आदेश के बाद, अनुसंधानक ने युवती को उसके ससुराल भेज दिया। थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए युवती ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था। उसे पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय भेजा गया था, जहाँ उसने ससुराल जाने की बात कही। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *