इंडियन क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह और सपा की युवा सांसद प्रिया सरोज एक बार फिर अपनी लव स्टोरी को लेकर सुर्खियों में हैं। रिंकू ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों ने अपने रिश्ते की शुरुआत से लेकर शादी तक का सफर हल्के-फुल्के अंदाज में शेयर किया। रिंकू सिंह ने कहा कि उन्हें प्रिया सरोज से पहली नजर में ही प्यार हो गया था। वहीं, प्रिया ने भी मुस्कुराते हुए बताया कि दोनों की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। रिंकू और प्रिया सरोज की सगाई हो चुकी है। दोनों इसी साल जून में 7 फेरे लेंगे। शादी काशी में होगी। पिछले साल 8 जून को लखनऊ में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। रिंकू के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया- IPL, 26 मार्च से 31 मई के बीच प्रस्तावित है। जब रिंकू IPL से फ्री होंगे, तभी शहनाई बजेगी। फिलहाल शादी काशी में होगी और रिसेप्शन अलीगढ़ में रखा जाएगा। अब सिलसिलेवार पढ़िए लव स्टोरी… इंस्टाग्राम लाइक से शुरू हुई बात प्रिया सरोज से पूछा गया कि क्या उन्होंने रिंकू को इंस्टाग्राम पर ‘स्टॉक’ किया था, तो उन्होंने साफ इनकार किया। प्रिया बोलीं, “मैंने स्टॉक नहीं किया था। मेरी बहन का पेज था, उसका प्रमोशन करवाना था। किसी ने बताया कि ये क्रिकेटर हैं और प्रमोशन कर सकते हैं, तो मैंने पेज लाइक कर दिया।” इस पर रिंकू ने तुरंत टोकते हुए कहा- “एक नहीं, दो बार लाइक था।” प्रिया ने हंसते हुए माना- “हां, दो बार लाइक किया था। लेकिन मैसेज इन्होंने ही किया था- ‘हाय’। लाइक मैंने किया, मैसेज इनकी तरफ से आया।” पहली मुलाकात में 4 घंटे लेट पहुंचे रिंकू
पहली मुलाकात का किस्सा भी दोनों ने शेयर किया। रिंकू ने बताया कि वह पहली बार मिलने करीब 4 घंटे लेट हो गए थे। प्रिया ने कहा—“मैंने इन्हें डांटा भी था।” रिंकू बोले—“प्रिया लॉन्ग ड्रेस पहनकर आई थीं और मैं शॉर्ट पहनकर मॉल पहुंच गया था।” प्रपोज किया रिंकू ने, लेकिन पापा नहीं माने
रिंकू ने बताया कि उन्होंने प्रिया को प्रपोज किया था, लेकिन शुरुआत में प्रिया के पिता तूफानी सरोज राजी नहीं थे। यह दौर करीब 3 साल तक चला। इस दौरान दोनों ने तय किया कि रिंकू टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की करेंगे और प्रिया जज बनेंगी। ‘डेट’ नहीं, फैमिली के साथ मुलाकातें
प्रिया ने बताया कि उनकी आज तक कभी डेट नहीं हुई। जब भी मिले, फैमिली साथ होती थी। शुरुआती 3 साल में 3-4 महीने में एक बार ही मुलाकात हो पाती थी। IAS से शादी तय करने की कोशिश
प्रिया ने यह भी खुलासा किया कि 2022 में उनके पिता उनकी शादी किसी IAS से कराना चाहते थे, जिसे उन्होंने बहुत मुश्किल से टाला। इसके बाद रिंकू के पास प्रिया के भाई का फोन आया। उन्होंने पूछा- “तुम शादी तो कर लोगे ना?” रिंकू ने बिना झिझक जवाब दिया—“हां।” दाे बार शादी की डेट टली
रिंकू और प्रिया की शादी का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं। हर बार शादी की तारीख तो निकलती है, लेकिन वह किसी न किसी कारण टल जाती है। 18 नवंबर, 2025 को पहली तारीख तय हुई, लेकिन क्रिकेट सीरीज के कारण टल गई। फरवरी, 2026 को दूसरी तारीख निकली, लेकिन वर्ल्ड कप के चलते कैंसिल करनी पड़ी। अब IPL के ठीक बाद शादी की तैयारी है। सगाई की 2 तस्वीरें देखिए… अब प्रिया सरोज को जानिए
प्रिया सरोज वाराणसी जनपद के पिंडरा तहसील के करखियांव की रहने वाली हैं। उनका जन्म 23 नवंबर 1998 को हुआ था। 18 साल की उम्र पार करते ही उन्होंने सपा की न केवल सक्रिय सदस्यता ले ली थी, बल्कि पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाती रहीं। महज 25 साल की उम्र में वह भाजपा के बीपी सरोज को हराकर लोकसभा पहुंचीं। प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज भी मछलीशहर लोकसभा सीट से 3 बार सांसद रहे हैं। वो साल 1999, 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीते थे। रिंकू सिंह के पापा सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे
KKR को दिए एक इंटरव्यू में रिंकू ने अपनी जिंदगी के बारे में बताया था। उन्होंने बताया था- परिवार में 5 भाई हैं। पापा सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। हम पांचों भाइयों से भी काम करवाते, जब कोई नहीं मिलता तो डंडे से पीटते थे। हम सारे भाई बाइक पर 2-2 सिलेंडर रखकर होटलों और घरों में डिलीवर करने जाते थे। सभी ने पापा को भी सपोर्ट किया और जहां भी मैच होते तो सारे भाई एक साथ ही खेलने जाते थे। मोहल्ले में 6-7 और लड़के थे, जिनके साथ पैसे मिलाकर गेंद लाते। टेनिस और लेदर बॉल से क्रिकेट खेलना शुरू किया था। UP के अलीगढ़ में मॉडर्न स्कूल से भी क्रिकेट खेला। इंटर स्कूल टूर्नामेंट में 32 बॉल पर 54 रन की नॉटआउट पारी खेली। शुरुआत में क्लब क्रिकेट खेलने का पैसा नहीं था तो सरकारी स्टेडियम में कार्ड बनवाकर प्रैक्टिस करता था। मैच खेलने के लिए पैसे लगते, घरवालों से मांगो तो कहते थे कि पढ़ाई करो। पापा खेलने के लिए हमेशा मना करते थे, मम्मी थोड़ा सपोर्ट करती थीं। शहर के पास एक टूर्नामेंट हुआ, उसके लिए पैसे चाहिए थे। मम्मी ने दुकान से एक हजार रुपए उधार लेकर दिए थे। ———————- यह भी पढ़िए:- इमरान मसूद से खड़गे बोले-उसको UP में घुसने मत दो:हैदराबाद वाला आया तो हमें खत्म करके जाएगा; क्या ओवैसी की तरफ इशारा है?
यूपी में ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने पंचायत और विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए बूथों को मजबूत करना शुरू कर दिया है। इससे कांग्रेस परेशान हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे असदुद्दीन ओवैसी को हर कीमत पर रोकना चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर…