गोपालगंज में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जिले के सभी शिवालय सज-धजकर तैयार हैं, जहां सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा है। बालखंडेश्वर नाथ मंदिर, बउरहवा शिव मंदिर और पृथ्वी पालेश्वर शिव मंदिर जैसे प्रसिद्ध मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बउरहवा शिव मंदिर का शिवलिंग जमीन के गर्भ में स्थित हथुआ स्थित बउरहवा शिव मंदिर अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है। यहां मान्यता है कि शिवलिंग जमीन के गर्भ में स्थित है, जहां श्रद्धालु सीढ़ियों के सहारे उतरकर जलाभिषेक करते हैं। वहीं, शहर के केंद्र में स्थित बालखंडेश्वर नाथ मंदिर में भक्तों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग चढ़ाने से पूर्ण होती कामना इस वर्ष भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि हाल ही में तमिलनाडु से आया विश्व का सबसे विशाल शिवलिंग गोपालगंज से होकर गुजरा था, जिसने जिले में शिव भक्ति की लहर को और तेज कर दिया है। श्रद्धालु शिवलिंग पर गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग और दूध अर्पित कर मनवांछित फल की कामना कर रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने प्रमुख मंदिरों और चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया है। कई स्थानों पर भव्य मेलों का आयोजन किया गया है, जो बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। शाम को विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी है, जिससे पूरा जिला शिवमय हो जाएगा।