महाशिवरात्रि आज, महावीर मंदिर में होंगे 60 रूद्राभिषेक:खाजपुरा शिव मंदिर में सोमनाथ-विराट रामायण मंदिर थीम पर झांकी; पटना में बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

आज महाशिवरात्रि है। प्रदेश के मंदिरों और शिवालयों को फूलों, झंडों, पताकों और आकर्षक रोशनियों से सजाया गया है। मंदिर में पूरे दिन जलाभिषेक, रुद्राभिषेक होगा और शाम में शिव श्रृंगार होना है। पटना के खाजपुरा शिव मंदिर में भव्य आयोजन किया गया है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों से 30 शोभायात्राएं और शिव-बारात निकलेगी, जो मंदिर तक पहुंचेगी। खाजपुरा शिव मंदिर को इस साल ‘सोमनाथ’ और ‘विराट रामायण मंदिर में 33 फुट ऊंचे शिवलिंग’ की थीम पर सजाया गया है। इस थीम पर झांकियां भी निकलेगी। इसके अलावा पटना जंक्शन के पास स्थित महावीर मंदिर में 60 रूद्राभिषेक होने हैं। वहीं, मोतिहारी के विराट रामायण मंदिर परिसर स्थित मंडप में सहस्र शिवलिंग का छोटा स्वरूप और नंदी की स्थापना होगी। यह विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग (33 फीट) का छोटा रूप होगा। इसके लिए महाबलीपुरम से छोटे आकार में दूसरा शिवलिंग और नंदी की मूर्ति मंगवाई गई है। इस शिवलिंग का भी निर्माण उसी पत्थर से हुआ है, जिससे 33 फीट ऊंचा शिवलिंग बना है। इसमें भी 72 लिंगों से युक्त 14 वृत्तों में 1008 शिवलिंग हैं। इसकी स्थापना ‘सहस्र शिवलिंग मण्डपम’ में की जाएगी। महाशिवरात्रि के दिन पटना में ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी… उत्तराषाढ़ा और श्रवण भगवान शिव के प्रिय नक्षत्र महाशिवरात्रि के दिन उत्तराषाढ़ा और श्रवण नक्षत्र के साथ व्यतिपात योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और जयद् योग का संयोग बन रहा है। उत्तराषाढ़ा और श्रवण दोनों ही नक्षत्र भगवान शिव के प्रिय नक्षत्र हैं। ज्योतिषी राकेश झा ने सूर्य पुराण के हवाले से कहते हैं, ‘महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव पृथ्वीलोक पर भ्रमण करने निकलते हैं। इसलिए इस दिन के पूजा से सालभर के शिवरात्रि के समान पुण्य मिलता है। शिवरात्रि का पूजा करने से श्रद्धालुओं को एक हजार अश्वमेघ यज्ञ और सैकड़ों वाजपेयी यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है।’ अब जानिए कहां क्या हुई तैयारियां… सबसे पहले पटना के महावीर मंदिर की तैयारियां पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन रुद्राभिषेक होगा। महावीर मंदिर में मौजूद चारों शिवलिंग पर 60 रूद्राभिषेक के लिए बुकिंग हुई है। यह रुद्राभिषेक सुबह 5 बजे से लेकर रात 10 बजे तक होगा। शिवरात्रि के दिन रुद्राभिषेक करने के लिए भक्तों ने पहले से ही बुकिंग की है। इसके लिए भक्तों को बाहर से कोई भी सामान लाने की जरूरत नहीं है। दूध, दही, शहद, घी, शक्कर, बेलपत्र, भांग, धतूरा, आदि सामग्री सब चीज मंदिर से ही मिलेगी। भक्तों को सुबह से लेकर देर रात तक रुद्राभिषेक ब्राह्मणों की ओर से कराया जाएगा। मंदिर के 4 शिवलिंग का रुद्राभिषेक महावीर मंदिर के बुकिंग काउंटर के संचालक पंडित राम मिलन ने बताया, ‘मंदिर में 4 शिवलिंग हैं, जहां रुद्राभिषेक होगा। नीचे प्राचीन शिवलिंग पर कुल 17 रुद्राभिषेक, ऊपर शीशा बंद शिवलिंग पर कुल 17 रुद्राभिषेक और बीच में हनुमानजी के बगल में स्थित शिवलिंग पर कुल 9 रुद्राभिषेक होंगे। इसके अलावा सबसे ऊपर वाले फ्लोर पर एक और नई शिवलिंग स्थापित है, वहां भी 17 रुद्राभिषेक होंगे।’ खाजपुरा शिव मंदिर में पहुंचे सीएम और राज्यपाल खाजपुरा शिव मंदिर परिसर में मुख्य समारोह होगा, जहां शोभायात्राओं के स्वागत के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, तांडव नृत्य, गंगा आरती और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। महोत्सव में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री, धर्माचार्य और समाज के लोग शामिल होंगे। शोभायात्राओं के अभिनंदन के साथ झांकियों की आरती उतारेंगे। मुख्य मंच पर शोभायात्रा समितियों को प्रतीक चिह्न, मेडल और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पटना में 20 स्थानों पर श्रद्धालुओं पर होगी पुष्प वर्षा विधायक संजीव चौरसिया ने बताया कि बेली रोड, वीरचंद पटेल पथ और जेपी गंगा पथ पर बड़ी-बड़ी शिव पताकाएं लगाए गए हैं। जिन मोहल्लों से शोभायात्राएं निकलेंगी, उनका रूट चार्ट तैयार है। शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए हैं। 20 स्थानों पर शोभायात्राओं पर पुष्प वर्षा की जाएगी और शरबत-पानी के स्टॉल लगाए जाएंगे। भागलपुर में बूढ़ानाथ मंदिर भी सजकर तैयार भागलपुर का बूढ़ानाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती हैं। इसको लेकर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई है। यहां आज भगवान शिव और माता पार्वती की शादी होनी है। जिसे देखने के लिए काफी दूर-दूर से लोग आते हैं। इस मौके पर झांकियां भी निकाली जाती है। जिसमें भूत-प्रेत के भेष में लोग शामिल होते हैं। एक अनुमान के अनुसार मंदिर में सुबह 11:00 तक 50,000 श्रद्धालु पूजा कर सकते हैं। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया है। दूसरी तरफ सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ मंदिर भी सज-धज कर तैयार हो गया है। महाशिवरात्रि के दिन अजगैविनाथ मंदिर से सैकड़ों झांकियां निकलेंगी। दरभंगा के बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में सुबह 3 बजे प्रधान पूजा दरभंगा के कुशेश्वरस्थान स्थित बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस साल करीब 1 से डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुबह 3 बजे प्रधान पूजा संपन्न होगी। इसके बाद मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। दोपहर 2 बजे मंदिर बंद होगा। 3 बजे से फिर से दर्शन शुरू होगा। जलाभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना और विभिन्न अनुष्ठानों की व्यवस्था की गई है। बरगांव से निकलेगी भव्य शिव बारात महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर से सटे बरगांव से भगवान शिव की भव्य बारात शाम 5 बजे निकलेगी। रात 9 बजे बाराती मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे। आकर्षक झांकियों से शिव-पार्वती विवाह की पौराणिक कथा को दिखाया जाएगा। स्थानीय व्यवसायियों के सहयोग से विशेष विवाह झांकी भी निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *