देवरिया में एक शिक्षक की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। गांव में महाशिवरात्रि की पूजा थी। इसी कारण रविवार सुबह चार बजे दोनों गांव जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार पिकअप और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पति दूर जाकर गिर गया, जबकि पत्नी बाइक पर ही रह गई। उसी दौरान गाड़ी में भीषण आग लग गई। तेज चीखने की आवाज सुनाई दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक पिकअप और बाइक दोनों जलकर राख हो चुकी थीं। ड्राइवर गाड़ी से उतरकर फरार हो गया। पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला खुखुंदू थाना क्षेत्र के मगहरा चौराहे का है। अब जानिए पूरा मामला बरहज थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी गिरीजा शंकर मिश्र (52) अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह सलेमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। उनकी पत्नी रेनू मिश्र (47) उनके साथ सलेमपुर में किराए के मकान में रहती थीं। महाशिवरात्रि के चलते रविवार और सोमवार को स्कूल में अवकाश था। गांव के मंदिर में पूजा रखी गई थी। रविवार को दंपत्ति बाइक से गांव के लिए निकले। सलेमपुर से करीब 8 किलोमीटर आगे पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शिक्षक गिरीजा शंकर दूर जा गिरे, जबकि उनकी पत्नी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान बाइक की टंकी फट गई और तेज धमाके के साथ आग लग गई। आग लगने के बाद 10 फीट लपटें उठी आग की लपटें पिकअप तक पहुंच गईं। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आग देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पुलिस को मौके से मृतका का आईकार्ड मिला, जिससे उनकी पहचान हुई। रेनू मिश्र की घटनास्थल पर ही जलकर मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फायर सर्विस टीम ने 30 मिनट में पाया काबू घायल गिरीजा शंकर मिश्र को 108 एंबुलेंस से पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फायर सर्विस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद कुछ समय तक चौराहे पर अफरा-तफरी रही और यातायात प्रभावित हुआ। क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मगहरा चौराहे पर पिकअप और बाइक की टक्कर से यह हादसा हुआ। महिला की जलकर मौत हो गई है, जबकि उनके पति का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देखें, 4 तस्वीरें…