महाशिवरात्रि के दिन पटना में गोलीबारी की घटना सामने आई है। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने दो युवकों को दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले देखिए गोलीबारी के बाद की तस्वीरें… बाइक सवारों ने दोनों दोस्तों को मारी गोली जानकारी के अनुसार, बिट्टू कुमार और पिंटू कुमार नामक ये दोनों दोस्त चाय पीने आए थे, तभी बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस और सदर एसडीपीओ-2 मौके पर पहुंचे। सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने बताया कि, ‘बाइक सवार 2 अपराधी पहुंचे और स्कॉर्पियो सवार दोस्त पिंटू कुमार, बिट्टू कुमार पर गोलीबारी कर दी। फिर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही दोनों युवक गंभीर रूप घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल से पुलिस को गोली का खोखा नहीं मिला है।’ सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस रामकृष्ण नगर थाना प्रभारी ने बताया कि, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि, गोली मारने वाले अपराधी की पहचान अरमान और कारू के रूप में हुई है। एक साल पहले दोनों के बीच आपसी विवाद हुआ था और इसी विवाद के परिणाम स्वरुप रविवार को गोलीबारी की घटना हुई है।