झज्जर में आज रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले एक सामाजिक कार्यक्रम में पहुंचे। अठावले ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की मौत के मामले में बड़ा बयान देते हुए विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना पायलट की लापरवाही के कारण हुई प्रतीत होती है और सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। वहीं विपक्ष के नेता राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि पद की गरिमा के तहत बोलना चाहिए। अठावले ने कहा कि किसी भी हादसे को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। अठावले ने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के खिलाफ अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए। राहुल गांधी जब बाहर जाते हैं तब भी गलत बोलते हैं, इससे देश की बदनामी होती है। राहुल गांधी को दी नसीहत उन्होंने सलाह दी कि नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए उन्हें संतुलित भाषा का उपयोग करना चाहिए। अठावले ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश और प्रधानमंत्री की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करने का प्रयास करते हैं। लेकिन इससे कांग्रेस पार्टी को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलता। अविश्वास प्रस्ताव पर बोले अठावले
लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए अठावले ने कहा कि विपक्ष को ओम बिरला के खिलाफ ऐसा प्रस्ताव लाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पीकर की कार्यशैली का समर्थन करते हुए कहा कि वे सदन को निष्पक्ष रूप से चला रहे हैं। सामाजिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए
केंद्रीय मंत्री अठावले आज झज्जर जिले के दौरे पर थे। वे माजरी गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जहां ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। हरियाणा में अपनी पार्टी के विस्तार के उद्देश्य से वे लगातार विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। उनके दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।