कटिहार जिले के कुर्सेला प्रखंड स्थित हटिया बाजार में रविवार देर रात सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 200 दुकानें जलकर राख हो गई हैं, जिससे व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि एक होटल में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग लगी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान कपड़े, मसाले और किराना सहित कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। पूरा इलाका धुएं और आग की लपटों से घिर गया। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। दर्जनों व्यापारियों की दुकानें जलीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम समय से मौके पर नहीं पहुंची। फिर आग की चपेट में छोटी-बड़ी दर्जनों दुकानें आ गई। इन दुकानों में रखे लाखों रुपए का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गए। हालांकि, नुकसान का सटीक आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन अनुमान है कि व्यापारियों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। बताया जा रहा है की घटना के 1 घंटे बाद छोटी दमकल की गाड़ी पहुंची, जो घटनास्थल के समीप अंदर भी नहीं जा पा रही है। अब तक आग पर काबू नहीं पाया गया है। घटना की सूचना पर पहुंचे जदयू विधायक विजय सिंह निषाद ने बताया कि कुर्सेला नगर पंचायत के कुर्सेला बाजार नया चौक में भीषण आग लगने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही डीएम आशुतोष द्विवेदी से फोन पर बात कर आग पर काबू पाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए है।