हांसी जिले के गांव राखी शाहपुर में संत रतन नाथ महाराज के जन्मदिवस पर आयोजित दो दिवसीय सर्कल कबड्डी महाकुंभ का रविवार देर रात करीब एक बजे समापन हुआ। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में 70 किलोग्राम और ओपन वर्ग के फाइनल मुकाबले देर रात तक चले, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 70 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में राखी गढ़ी और सिंघवा राघो की टीमें आमने-सामने थीं। मुकाबले की शुरुआत से ही राखी गढ़ी ने आक्रामक खेल दिखाया। सटीक रेड और मजबूत पकड़ के दम पर टीम ने अपनी बढ़त बनाए रखी। अंततः राखी गढ़ी ने 25 अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि सिंघवा राघो की टीम 13 अंकों पर सिमट गई। खिलाड़ियों को दी गई बाइकें इस वर्ग में विजेता टीम को 51 हजार रुपए और उपविजेता को 41 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। तीसरे व चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 5100-5100 रुपए, जबकि पांचवें से आठवें स्थान तक की टीमों को 2100-2100 रुपए प्रदान किए गए। बेस्ट रेडर का खिताब गोलू (राखी) और बेस्ट कैचर का पुरस्कार सुरेश (राखी) को मिला। दोनों खिलाड़ियों को एक-एक स्प्लेंडर बाइक देकर सम्मानित किया गया। ओपन वर्ग में बहु अकबरपुर की टीम रही विजेता ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले राउंड में शेखपुरा, कुचराना, बडाला, बहु अकबरपुर, कोथ कलां, अलेवा घोघड़िया और पंजाब के शकरपुर की टीमों ने जीत दर्ज की। दूसरे राउंड के बाद शेखपुरा, अलेवा, बहु अकबरपुर और शकरपुर की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं। फाइनल मुकाबला बहु अकबरपुर और शकरपुर के बीच खेला गया। बहु अकबरपुर की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रणनीति अपनाते हुए 31 अंक जुटाए, जबकि शकरपुर की टीम 10 अंकों पर ही रुक गई। बहु अकबरपुर ने शानदार जीत के साथ खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को डेढ़ लाख रुपए तथा उपविजेता शकरपुर को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। शिलू बल्हारा को ऑल्टो कार मिली ओपन वर्ग में बेस्ट कैचर शीलू बल्हारा और मनीष बल्हारा संयुक्त रूप से रहे, जबकि बेस्ट रेडर का खिताब रवि दयोरा को मिला। तीनों खिलाड़ियों को एक-एक ऑल्टो कार इनाम स्वरूप प्रदान की गई। रात तक डटे रहे खेल प्रेमी ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस खेल महाकुंभ में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी देर रात तक मैदान में डटे रहे। तालियों और जयकारों के बीच हुए इन मुकाबलों ने क्षेत्र में कबड्डी के प्रति उत्साह को नई ऊर्जा दी। आयोजन समिति के सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए ग्रामीणों का आभार जताया।