चंडीगढ़ में बनेंगी दो नई मल्टीलेवल पार्किंग:दो पुरानी अंडरग्राउंड पार्किंग ध्वस्त होगी, अर्बन प्लानिंग डिपार्टमेंट ने दी मंजूरी

चंडीगढ़ में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। सेक्टर-17 में 2 जर्जर अंडरग्राउंड पार्किंग को तोड़कर उनकी जगह आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी, जबकि सेक्टर-8 की अंडरग्राउंड पार्किंग का पुनरुद्धार किया जाएगा। परियोजना की ड्राइंग को यूटी अर्बन प्लानिंग डिपार्टमेंट से मंजूरी मिल चुकी है। नगर निगम अब इन परियोजनाओं की लागत का अनुमान तैयार कर इसे जनरल हाउस की बैठक में मंजूरी के लिए पेश करेगा। सदन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सेक्टर-17 में 10 हजार वर्गमीटर अतिरिक्त पार्किंग सेक्टर-17 में डीसी कार्यालय के सामने 30-बेज बिल्डिंग के पास स्थित अंडरग्राउंड पार्किंग और बीएसएनएल भवन के नजदीक बनी पार्किंग को ध्वस्त कर नए सिरे से मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। फिलहाल बीएसएनएल साइट पर करीब 2000 वर्गमीटर और डीसी कार्यालय के पास करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्र है, जिसे बढ़ाकर कुल 10 हजार वर्गमीटर किया जाएगा। नई पार्किंग में डीसी ऑफिस साइट पर 200 इक्विवेलेंट कार स्पेस (ईसीएस) और बीएसएनएल साइट पर 120 ईसीएस विकसित किए जाएंगे। दोनों जगह दो अंडरग्राउंड लेवल पर कार पार्किंग और सतह पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। तीसरी बंद पड़ी अंडरग्राउंड पार्किंग को फिलहाल योजना में शामिल नहीं किया गया है। आईआईटी ऑडिट के बाद बंद हुई थी पार्किंग करीब 50 वर्ष पुरानी इन पार्किंग स्थलों को आईआईटी रुड़की के स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद बंद कर दिया गया था। रिपोर्ट में गंभीर संरचनात्मक खामियां सामने आई थीं, जिसके चलते मरम्मत के बजाय इन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर नए सिरे से निर्माण का निर्णय लिया गया। सेक्टर-8 स्थित अंडरग्राउंड पार्किंग के पुनरुद्धार की जिम्मेदारी एनआईटीटीटीआर को सौंपी गई है। यह पार्किंग सतह प्लस एक अंडरग्राउंड लेवल की है। पुनरुद्धार के बाद यहां करीब 50 कारों की क्षमता विकसित की जाएगी। सतह क्षेत्र का उपयोग भी पार्किंग के लिए किया जाएगा और संरचनात्मक मजबूती का आकलन रिपोर्ट में किया जाएगा। अभी केवल एक मल्टीलेवल पार्किंग वर्तमान में सेक्टर-17 में नगर निगम की एक ही मल्टीलेवल पार्किंग संचालित है, जिसका अभी शत-प्रतिशत उपयोग नहीं हो रहा। इसके निचले तल पर गिनती की ही कारें खड़ी होती हैं। निगम प्रशासन इसके उपयोग को बढ़ाने के प्रयास कर रहा है। नई परियोजनाओं के साकार होने के बाद सेक्टर-17 और सेक्टर-8 में पार्किंग व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है, जिससे व्यापारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *