रक्सौल में सत्याग्रह एक्सप्रेस में मिले शव की हुई पहचान:27 साल का युवक बेरोजगारी के कारण तनाव में था, पिता हैं वकील

सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में जंजीर से लटके मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के गुगली वार्ड संख्या 11 निवासी 27 वर्षीय उज्ज्वल जायसवाल के रूप में हुई है। वह अधिवक्ता गिरिजेश कुमार गुप्ता के पुत्र थे। यह घटना गुरुवार को रक्सौल रेलवे स्टेशन पर हुई थी। सत्याग्रह एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में युवक का शव जंजीर से लटका मिला, जिससे रेलवे परिसर में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव की पहचान उज्ज्वल जायसवाल के रूप में हुई प्रारंभ में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। रक्सौल जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि मीडिया में खबर और फोटो प्रकाशित होने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने रेल पुलिस से संपर्क किया और आवश्यक पुष्टि के बाद शव की पहचान उज्ज्वल जायसवाल के रूप में हुई। बेरोजगारी के कारण मानसिक तनाव में चल रहा था परिजनों के अनुसार, उज्ज्वल 10 फरवरी को अचानक घर से निकल गया था। घटना से पहले वह नरकटियागंज में अपने एक रिश्तेदार के यहां भी गया था। बताया गया है कि उज्ज्वल ने एमए की पढ़ाई पूरी कर ली थी, लेकिन लंबे समय से बेरोजगारी के कारण वह मानसिक तनाव में चल रहा था। फिलहाल, रेल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *