किशनगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोचाधामन पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। चारघरिया चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से 404 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। इस दौरान वैशाली और समस्तीपुर जिले के तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, किशनगंज की ओर से आ रही सफेद रंग की कार को चारघरिया चेक पोस्ट पर रोका गया। वाहन चालक के घबराने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से कुल 404 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। गिरफ्तार किए गए तीनों युवक बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। इनकी पहचान वैशाली निवासी हर्ष राज (24 वर्ष), समस्तीपुर निवासी शिल कुमार (21 वर्ष) और वैशाली निवासी आशीष कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी रंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में रवि रंजन कुमार, छोटेलाल कुमार, रंजीत ठाकुर और धवेन्द्र कुमार सहित सशस्त्र बल इस कार्रवाई में शामिल थे। पुलिस ने इस संबंध में कांड संख्या 88/2026 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।